देवरिया: रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट के लिए युवक की पिटाई, वीडियो वायरल

देवरिया के भाटपार रानी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर युवक की बेरहमी से पिटाई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

यूपी के देवरिया जिले के रेलवे स्टेशन परिसर में मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कई युवक एक युवक की बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं. मामले की जांच में पता चला कि यह घटना भाटपार रानी रेलवे स्टेशन की है, जहां तत्काल टिकट को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई.

जानकारी के अनुसार, रोहित नाम का एक युवक शनिवार रात तत्काल टिकट लेने के लिए रेलवे स्टेशन पर लाइन में खड़ा था. बताया जा रहा है कि टिकट काउंटर खुलने से पहले ही कुछ युवक वहां पहुंचे और रोहित को लाइन से हटाकर खुद उसकी जगह खड़े हो गए. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई

युवक की घेर कर पिटाई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने रोहित को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की. स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों के सामने युवक को पीटा गया, लेकिन काफी देर तक कोई उसे बचाने के लिए आगे नहीं आया. इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

साथी को जबरन छुड़ाकर हो गए फरार

हंगामे की सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची. बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ युवक उग्र बने रहे और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे. आरोप है कि युवक अपने एक साथी को पुलिस की पकड़ से छुड़ाकर वहां से फरार हो गए.

घटना के बाद घायल युवक ने पूरे मामले की शिकायत जीआरपी से की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है.

जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

Leave A Reply

Your email address will not be published.