दो पक्षों में चाकूबाजी और जमकर मारपीट, एलएनजेपी अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात
कुरुक्षेत्र की शोरगिर बस्ती में डीजे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष। चाकूबाजी में छह लोग घायल, अस्पताल में पुलिस तैनात।
कुरुक्षेत्र: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की शोरगिर बस्ती में रविवार देर रात डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. दो पक्षों के बीच हुई इस मारपीट और चाकूबाजी की घटना में महिलाओं समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. वारदात के बाद कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसे संभालने के लिए भारी पुलिस बल और CIA-2 की टीम को तैनात करना पड़ा.
डीजे बंद करवाने का शक बना विवाद की वजहः जानकारी के मुताबिक बस्ती में एक परिवार के घर शादी का कार्यक्रम था, जहां देर रात करीब 2 बजे तक डीजे बज रहा था. इसी दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डीजे बंद करवा दिया. शादी वाले परिवार को शक था कि पड़ोसी परिवार ने पुलिस में शिकायत कर डीजे बंद करवाया है. इसी गलतफहमी को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया.
चाकूबाजी और दोनों तरफ से मारपीटः पीड़ित पक्ष की बुजुर्ग महिला लक्ष्मी ने बताया कि “शादी वाले परिवार ने उन पर झूठा आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस को फोन किया था. इसी रंजिश में दूसरे पक्ष ने उनके बेटे की पत्नी और दो पोतियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं.” वहीं दूसरे पक्ष (शादी वाले परिवार) की महिला स्मृति का कहना है कि “शादी के माहौल में पड़ोसी परिवार ने जानबूझकर विवाद खड़ा किया. इस मारपीट में उनके परिवार की भी दो महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं.”
अस्पताल में पुलिस तैनात, जांच जारी: घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के समर्थकों की भीड़ जुट गई और जमकर हंगामा हुआ. माहौल बिगड़ता देख तुरंत भारी पुलिस बल और सीआईए-2 की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला.
क्या बोले पुलिस पदाधिकारीः कृष्णा गेट थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि “शोरगिर बस्ती में दो गुटों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी, जिसमें दोनों पक्षों से तीन-तीन लोग घायल हुए हैं. एक पक्ष पर धारदार चाकू से हमला करने का आरोप है. पुलिस घायलों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उनके बयान दर्ज कर रही है, जिसके आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”