नगर निगम चुनाव के लिए वार्डों का आरक्षण तय, 35 में से 7 वार्ड एससी और 9 महिलाओं के लिए आरक्षित
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए वार्डों का आरक्षण घोषित। 35 वार्डों में एससी, महिला और सामान्य सीटों का हुआ निर्धारण।
चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ के अगले चुनाव को लेकर वार्डों का आरक्षण तय कर दिया गया है. राज्य निर्वाचन आयुक्त की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई प्रक्रिया में 35 वार्डों में से 7 वार्ड अनुसूचित जाति, 9 वार्ड सामान्य महिला और बाकी 19 वार्ड सामान्य श्रेणी के लिए रखे गए हैं. मौजूदा नगर निगम सदन का कार्यकाल 7 जनवरी 2027 को पूरा होना है, इसलिए उससे पहले नए सदन के लिए चुनाव कराया जाना है.
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए वार्ड आरक्षण तय: आरक्षण की प्रक्रिया यूटी स्टेट गेस्ट हाउस, सेक्टर-6 में हुई. इसमें मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा आम नागरिक और चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे. राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉक्टर विजय देव की अध्यक्षता में लॉटरी और तय मानकों के आधार पर आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई.
एससी के लिए सात वार्ड: अनुसूचित जाति के लिए वार्ड तय करते समय 2011 की जनगणना में दर्ज आबादी के प्रतिशत को आधार बनाया गया. जिन वार्डों में एससी आबादी का प्रतिशत अधिक था, उन्हें प्राथमिकता के क्रम में आरक्षण के लिए चुना गया. इस प्रक्रिया में 2021 के नगर निगम चुनाव में एससी के लिए आरक्षित रह चुके सात वार्डों को दोबारा शामिल नहीं किया गया. एससी के लिए आरक्षित किए गए वार्डों में वार्ड नंबर 1, 3, 4, 9, 15, 29 और 32 शामिल हैं. इनमें से लॉटरी के जरिए वार्ड नंबर 3, 29 और 32 एससी महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए हैं.
नौ वार्ड सामान्य महिलाओं के लिए: सामान्य महिला उम्मीदवारों के लिए भी नौ सीटें तय की गई हैं. इसके लिए 2026 के चुनाव में एससी के लिए आरक्षित किए गए वार्डों और 2021 के चुनाव में सामान्य महिला श्रेणी में आरक्षित रहे वार्डों को प्रक्रिया से बाहर रखा गया. इसके बाद लॉटरी के माध्यम से वार्ड नंबर 2, 8, 11, 13, 17, 21, 25, 26 और 30 महिला (सामान्य) उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए. आरक्षण तय होने के बाद अब 19 वार्ड सामान्य श्रेणी में रहेंगे. इनमें वार्ड नंबर 5, 6, 7, 10, 12, 14, 16, 18, 19, 20, 22, 23, 24, 27, 28, 31, 33, 34 और 35 शामिल हैं.