नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर आया बड़ा अपडेट, जानिए इस कठिन सीक्वेंस के बारे में
रणबीर कपूर और यश की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' के एक मुश्किल सीन को लेकर डीओपी पंकज कुमार ने किया बड़ा खुलासा।
रणबीर कपूर और यश के तमाम फैंस को उनकी अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ का इंतजार है. इसी साल दिवाली पर पर इस फिल्म का पहला पार्ट रिलीज होने वाला है, जिसमें और भी कई बड़े सितारे नजर आने वाले हैं. फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाया गया है. मेकर्स हर एक सीन पर बारीकी से काम कर रहे हैं. ‘रामायण’ में एक ऐसा सीन भी है, जो शूट करना काफी मुश्किल था. उसके लिए 50 बार रिहर्सल करनी पड़ी थी.
‘रामायण‘ के डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी (DOP) पंकज कुमार ने फिल्म के उस सीन पर बात की है. वैरायटी इंडिया के साथ बातचीत में उनसे पूछा गया कि ‘रामायण’ में कोई ऐसा सीन है, जिसे अंजाम देना आपके लिए मुश्किल था. इस सवाल पर उन्होंने कहा, “हां, असल में फिल्म में ऐसे कई सीक्वेंस हैं. होता ये है कि जब आप वर्चुअल माहौल में बैठे होते हैं और अपनी कल्पना को आजाद छोड़ देते हैं, तो आपके पास समय की वो सुविधा होती है, जो आपको शूटिंग फ्लोर पर नहीं मिलती. इसलिए आप कैमरे की अलग-अलग तरह की मूवमेंट आजमाते हैं और आपके पास अलग-अलग चीजें सोचने और करने के लिए समय होता है.”
‘रामायण’ का सबसे मुश्किल सीन
आगे उन्होंने कहा, “फिल्म में कई रोमांचक सीन हैं. एक सीन में कैमरा बहुत ऊंचाई पर तेजी से टेक्नो क्रेन पर घूम रहा था. उसी दैरान मेरे एक कैमरा ऑपरेटर को दौड़कर टेक्नो क्रेन से गिंबल को अलग करना था. उसके बाद गोल घूमते हुए एक्टर के काफी करीब जाना था. ये शॉट बेहद मुश्किल था. जैसा हमने सोचा था, वैसा शॉट पाने के लिए हमें लगभग 50 रिहर्सल टेक लेने पड़े थे. ऐसे और भी सीन हैं, जिनमें कैमरा दूर से एक्टर के करीब आता है और सीधी लाइन में नहीं चलता. इसलिए कैमरा केबल रिग भी काफी मुश्किल था. ”
‘रामायण’ मेकर्स और स्टारकास्ट
रामायण का डायरेक्शन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जिन्होंने पहले ‘दंगल’, ‘छिछोरे’ और ‘चिल्लर पार्टी’ जैसी फिल्में बनाई हैं. नमिलत मल्होत्रा ‘रामायण’ के प्रोड्यूसर हैं. यश भी रावण का रोल करने के साथ-साथ को-प्रोड्यूसर के तौर पर भी फिल्म से जुड़े हुए हैं. सनी देओल, साई पल्लवी, रवि दुबे, काजल अग्रवाल, लारा दत्ता और अरुण गोविल जैसे बड़े स्टार्स भी इस फिल्म में हैं.