नीट पेपर लीक और पैलेट गन पीड़ित छात्र के हक में हांसी थाने के बाहर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

जंतर-मंतर पर पैलेट गन से घायल छात्र की FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में हांसी सिटी थाने के बाहर धरना दिया गया।

हांसी : जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए छात्र के मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हांसी सिटी थाना के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लुल्लू ने किया।

अजय कुमार लुल्लू ने कहा कि जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक सहित युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में पैलेट गन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया था। इसी दौरान एक युवक की आंख पैलेट गन की गोली लगने से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।

उन्होंने कहा कि पीड़ित युवक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी और राहुल गांधी ने उसके साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर न्याय की मांग उठाई थी। संसद में भी इस मामले को उठाया गया, लेकिन इसके बावजूद पीड़ित की FIR दर्ज नहीं की गई।

लुल्लू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा संसद मार्ग थाने पहुंचकर संयुक्त पुलिस आयुक्त से FIR दर्ज करने की मांग किए जाने के बावजूद मामला दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष की मांग पर भी FIR दर्ज नहीं हो रही है, तो आम आदमी की आवाज किस तरह सुनी जाएगी, यह सवाल खड़ा होता है।

उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए। जिस व्यक्ति ने पैलेट गन चलाई, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होनी चाहिए।

लुल्लू ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में 152 पेपर लीक होना महज संयोग नहीं है। नीट पेपर लीक के मामले में राहुल गांधी ने सड़क से लेकर संसद तक युवाओं की आवाज उठाई और तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब तक पीड़ित छात्र को न्याय नहीं मिलता और FIR दर्ज नहीं होती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि नारनौंद से विधायक, जिला अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, PCC ऑब्जर्वर, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने में शामिल हुए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पैलेट गन से घायल छात्र के मामले में FIR दर्ज कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.