नीतीश कुमार के सामने भी उठा मामला, 20 करोड़ की बाजी और जेडीयू की बढ़ी मुश्किलें

बिहार MLC चुनाव में JDU विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद गहरा गया है। पार्टी ने समाधान की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को सौंपी है।

बिहार में विधान परिषद चुनाव (MLC) के दौरान जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अंदर शुरू हुआ अनंत सिंह बनाम नीरज कुमार विवाद अब पार्टी के लिए बड़ा सिरदर्द बनता जा रहा है. मोकामा से JDU विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल रखा है. वह न सिर्फ जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं, बल्कि उन्हें अपना उम्मीदवार बताते हुए उनके नामांकन में पहुंचे.

अब इस पूरे विवाद में JDU ने गेंद केंद्रीय मंत्री और मुंगेर सांसद ललन सिंह के पाले में डाल दी है. JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के मुताबिक, अनंत सिंह मोकामा के विधायक हैं और मोकामा, मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में आता है. ऐसे में इस मामले को सुलझाने की जिम्मेदारी वहां के सांसद ललन सिंह की होगी. यानी इस विवाद का समाधान स्थानीय राजनीतिक समीकरण और ललन सिंह की भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है.

नीतीश के पास भी पहुंचा था मामला

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रही तनातनी का मामला JDU के शीर्ष नेतृत्व तक भी पहुंच चुका है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के स्तर पर इस विवाद को लेकर बैठक हुई. बताया गया कि संजय झा और विजेंद्र यादव की मौजूदगी में करीब तीन घंटे तक मंथन चला. इसके बाद अब निगाहें ललन सिंह पर टिक गई हैं कि वह अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को किस तरह सुलझाते हैं.

पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ अनंत सिंह की खुली बगावत

विवाद की सबसे बड़ी वजह यह है कि अनंत सिंह ने JDU के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुले तौर पर विरोध का ऐलान किया है. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार लगातार चौथी बार MLC बनने की कोशिश में हैं.वहीं जन सुराज ने अनुज सिंह को उम्मीदवार बनाया है. अनंत सिंह ने अनुज सिंह के नामांकन में पहुंचकर अपना समर्थन जाहिर किया और उनके लिए चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है.

20 करोड़ की बाजी का भी दावा

अनंत सिंह ने सार्वजनिक तौर पर कहा है कि अनुज सिंह उनके उम्मीदवार हैं. 1 अक्टूबर को उनके नामांकन के दौरान उन्होंने शक्ति प्रदर्शन भी किया और उनके समर्थन में रोड शो किया. अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच यह टकराव नया नहीं है. दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रही है. इस बार MLC चुनाव ने इस पुराने विवाद को फिर सामने ला दिया है. अनंत सिंह ने नीरज को हराने को लेकर 20 करोड़ रुपये की बाजी लगाने की बात कही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.