नूंह: अस्पताल में घुसे 45 उपद्रवी, स्टाफ पर हमला कर की भारी तोड़फोड़

नूंह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में खूनी संघर्ष। इलाज कराने आए दो गुटों के विवाद में 45 लोगों ने अस्पताल में घुसकर की तोड़फोड़, 4 कर्मचारी घायल। जांच शुरू।

नूंह: जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 2 पक्षों के बीच चल रहा विवाद अस्पताल परिसर तक पहुंच गया। करीब 45 लोगों ने अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों व कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमले में 4 कर्मचारी घायल हो गए जबकि अस्पताल की सम्पत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया।

जानकारी अनुसार झगड़े में घायल कुछ लोग इलाज कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। उनके पहुंचने के कुछ समय बाद दूसरा पक्ष भी अस्पताल में आ गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। अस्पताल में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया लेकिन हमलावरों ने उन पर ही हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों अनुसार हमलावर 3 गाड़ियों में आए  थे और उनके हाथों में लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड थीं। हमलावरों ने अस्पताल के कमरों में तोड़फोड़ भी की। कई खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए तथा चिकित्सा कार्य में इस्तेमाल होने वाले मॉनिटर समेत अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। अस्पताल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.