नोएडा एक्सप्रेसवे किनारे दौड़ेगी एक्वा लाइन मेट्रो, जानें कास्टिंग यार्ड और रूट की पूरी जानकारी
नोएडा में सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो रूट का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। 11.56 किमी लंबे इस रूट पर 8 नए स्टेशन बनेंगे। देखें पूरी रिपोर्ट।
नोएडा शहर में नई मेट्रो लाइन का काम सेक्टर-142 की तरफ से शुरू होगा और यह रूट सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन तक किया जाएगा। कास्टिंग यार्ड के लिए तीन जगह चिह्नित कर इनमें से एक जगह दी जाएगी। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने निर्माण एजेंसी और सलाहकार चयन के बाद अब नए रूट पर निर्माण शुरू कराने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
सोमवार को इसको लेकर एनएमआरसी के अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें कास्टिंग यार्ड के लिए जगह और सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो रूट पर मंथन हुआ। अधिकारियों ने यह निर्णय लिया कि कास्टिंग यार्ड के लिए तीन जगहों पर जमीन चिह्नित कर ली जाएगी। इसके बाद यह जमीन निर्माण एजेंसी एल एंड टी को दिखाई जाएगी। इसमें से एक जगह दी जाएगी। इसके अलावा रूट पर निर्माण सेक्टर-142 की तरफ से शुरू किया जाएगा। ऐसे में बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44 की तरफ अंत में काम होगा। इस बीच, दिल्ली मेट्रो और अन्य विभागों से जो अनापत्ति और मंजूरी ली जानी हैं, वे भी मिल जाएंगी।
एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-142 में एक्वा लाइन मेट्रो का मौजूदा स्टेशन है। वहां से काम शुरू करने के लिए किसी अन्य विभाग की अनापत्ति की जरूरत नहीं होगी। स्टेशन से एक्सप्रेसवे किनारे रूट लाकर सीधा कर दिया जाएगा, जो महामाया फ्लाईओवर के पहले तक आएगा।
प्राधिकरण को पत्र भेजा
एनएमआरसी ने निर्माण शुरू करने की तैयारी में प्राधिकरण को भी पत्र भेजा है। इसमें रूट की जानकारी देते हुए मेट्रो के रास्ते में आने वाली अवस्थापना सुविधाओं की शिफ्टिंग की तैयारी करने के लिए कहा गया है। इसके लिए प्राधिकरण अब सर्वे करवाएगा। एक्सप्रेसवे किनारे जल, सीवर, बिजली की भूमिगत लाइनें गुजरी हुई हैं।
इन जगहों पर बनेंगे मेट्रो स्टेशन
सेक्टर-142 से सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन तक मेट्रो का यह रूट एक्वा लाइन का एक्सटेंशन है और इस पर मेट्रो का निर्माण कार्य एलिवेटेड होगा। यह मेट्रो रूट करीब 11.56 किमी लंबा होगा। इस लाइन पर 8 मेट्रो स्टेशन होंगे। इनमें बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, नोएडा ऑफिस सेक्टर-94, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर- 108, सेक्टर-93, और पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन बनेंगे। इसको बनाने में करीब 2254.35 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा।
बता दें कि, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में रहने और नौकरी करने वाले लोग काफी समय से इन इस रूट पर मेट्रो ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे हैं। इस नए रूट पर मेट्रो की सुविधा शुरू होने से सेक्टरों से लेकर आसपास के कई गांवों तक लोगों का सफर और आसान हो जाएगा और लोगों को काफी फायदा होगा।