नोएडा: ‘ऑपरेशन दहन’ में 18 करोड़ से ज्यादा के ड्रग्स पुलिस ने किए नष्ट

नोएडा पुलिस ने ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत 18.88 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट किए। गांजा, चरस और एमडीएमए समेत कई ड्रग्स को कानूनी प्रक्रिया के तहत जलाया गया।

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत करीब 18.88 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थों का नष्ट किया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में मंगलवार (23 जून) को एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न थानों में जब्त किए गए ड्रग्स को न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद तय नियम के तहत नष्ट किया गया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशा तस्करों पर शिकंजा कसने और युवाओं को नशे की लत से बचाने की दिशा में अहम कदम है।

कौन-कौन से मादक पदार्थ नष्ट किए गए?

‘ऑपरेशन दहन’ के तहत गांजा, चरस, डोडा, एमडीएम जैसे मादक पदार्थों का जलाकर राख किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इन सभी मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 18.88 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।

  • गांजा: 2,918.67 किलोग्राम
  • चरस: 18.805 किलोग्राम
  • डोडा: 30.4 किलोग्राम
  • एमडीएमए (MDMA): 120 ग्राम
  • ड्रग्स की गोलियां: 1.77 किलोग्राम
  • हेरोइन: 1.12 किलोग्राम

कैसे जब्त किए गए थे ये मादक पदार्थ?

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इन्हीं अभियानों के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान इन मादक पदार्थों को अलग-अलग मामलों में बरामद किया गया था। बरामदगी के बाद एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए और जब्त मादक पदार्थों को सुरक्षित रखा गया।

न्यायालय की अनुमति के बाद किया गया नष्ट

पुलिस ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण के लिए एक समिति का गठन किया गया था। इसके बाद सक्षम न्यायालय से अनुमति प्राप्त की गई और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए सभी मादक पदार्थों को विधिवत नष्ट किया गया। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।

नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस थाने या डायल-112 पर दें। पुलिस का कहना है कि ‘नशा मुक्त समाज-सुरक्षित भविष्य’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए जनसहयोग भी उतना ही जरूरी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.