नोएडा-ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर बनेगा यमुना सिटी का भव्य प्रवेश द्वार, यीडा जल्द जारी करेगा RFP

यीडा बनाएगा नोएडा की तर्ज पर यमुना सिटी का प्रवेश द्वार। 60 मीटर रोड पर बनेगा गेट और दनकौर के पास 500 मीटर लंबा ग्रीन पार्क।

यमुना सिटी का नोएडा और ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर प्रवेश द्वार बनाने की तैयारी है। प्रवेश द्वार यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर 60 मीटर चौड़ी रोड पर सात किलोमीटर माइलस्टोन पर बनेगा। प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने के लिए यहां फव्वारे, परगोला, लैंडस्केपिंग समेत कई सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के एक अधिकारी ने बताया कि यमुना सिटी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए शहर में अब तक कोई प्रसिद्ध प्रवेश द्वार या फिर खास इमारत नहीं है। ऐसे में शहर की सुंदरता को चार चांद लगाने के लिए इसके प्रवेश द्वार का डिजाइन तैयार कराया जाएगा। अगले सप्ताह तक इसके लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) भी जारी हो जाएगी।

प्रवेश द्वार 60 मीटर रोड पर गलगोटिया विश्वविद्यालय से पहले बनेगा, जहां यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ रहे हैं। प्रवेश द्वार के आसपास फव्वारे, परगोला और आकर्षक लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। हरियाली और सौंदर्यीकरण के जरिए पूरे क्षेत्र को बेहतर लुक दिया जाएगा। यीडा का उद्देश्य केवल प्रवेश द्वार बनाना नहीं, बल्कि इसे यमुना सिटी की पहचान के रूप में विकसित करना है। यहां आने वाले लोगों व अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को शहर में प्रवेश करते ही आधुनिक और सुनियोजित विकास की झलक देखने को मिलेगी।

ग्रीन पार्क बनेगा

यीडा ने दनकौर के पास यमुना एक्सप्रेसवे की 100 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में 500 मीटर लंबा ग्रीन पार्क बनाने की योजना भी तैयार की है। यह गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने बन रहे पार्क जैसा ही होगा। इसके लिए भी अगले सप्ताह ही आरएफपी जारी की जाएगी। बता दें कि यह ग्रीन बेल्ट यमुना एक्सप्रेसवे और 60 मीटर रोड के बीच स्थित है। यहां 35 किलोमीटर लंबे मार्ग पर पेड़ पौधे, लैंडस्केपिंग, वॉटर बॉडीज और धार्मिक स्थलों के मिनिएचर विकसित होंगे।

पार्क का पक्का निर्माण कार्य पूरा

गलगोटिया विश्वविद्यालय के बाहर बन रहे पार्क का पक्का निर्माण कार्य पूरा चुका है। अब यहां पर सिर्फ पेड़ पौधे और घास समेत उद्यान से जुड़े कार्य होने है। इसका टेंडर हो चुका है।

आरती सिंह, सहायक निदेशक, उद्यान (यीडा), ”यमुना सिटी की पहचान के लिए प्रवेश द्वारा बनाया जाना है। इसे 60 मीटर रोड पर सात किलोमीटर माइलस्टोन पर विकसित किया जाएगा। इसकी आरएफपी जारी की जाएगी। इसके अलावा दनकौर में पार्क निर्माण की योजना पर काम चल रहा है।”

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर पर किसानों का धरना आज

जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसान 10 फीसदी आबादी भूखंड, नए भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर पर धरना- प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए रविवार को गांवों में जनसंपर्क किया गया। किसान नेता डॉ़ रूपेश वर्मा ने बताया कि वार्ता सफल न रहने पर अनिश्चितकालीन महापड़ाव शुरू किया जाएगा। किसान संघर्ष मोर्चा के नेताओं का आरोप है कि प्रस्तावित आंदोलन को रोकने के लिए किसानों और कार्यकर्ताओं के घरों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.