नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: 4823 चोर गिरफ्तार, 47 करोड़ का माल बरामद
नोएडा पुलिस ने पिछले साढ़े 3 वर्षों में 450 गिरोहों का पर्दाफाश किया। 47 करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद। पढ़ें चोरी रोकने के लिए पुलिस की नई रणनीति और आंकड़े।
नोएडा । जिला पुलिस ने चोरी और वाहन चोरी की वारदातें रोकने के लिए पिछले साढ़े तीन वर्षों में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान 450 गिरोह का पर्दाफाश कर 4823 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एक दिसंबर 2022 से 31 मई 2026 तक चोरी के 3180 मामलों का खुलासा किया गया। इसके लिए थाना पुलिस, क्राइम रिस्पॉन्स टीम, सर्विलेंस सेल और अन्य विशेष इकाइयों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलेंस और मुखबिर तंत्र का इस्तेमाल कर कई बड़े गिरोह को पकड़ा। आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में 1681 चोरी या लूटे गए वाहन बरामद किए गए। इसके अलावा गहने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घरेलू सामान और नगदी बरामद की गई। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 47 करोड़ 61 लाख 13 हजार 916 रुपये आंका गया। यह कुल चोरी गई संपत्ति का लगभग 83.95 प्रतिशत है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरी की घटनाओं में शामिल कई संगठित गिरोह जिले के अलावा अन्य राज्यों से संचालित हो रहे थे। आरोपियों के कब्जे से बरामद चोरी का सामान कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वास्तविक मालिकों को लौटाया गया। इससे पीड़ितों को आर्थिक नुकसान से राहत मिली।
संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई
पुलिस का कहना है कि चोरियां रोकने के लिए रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग, वाहन जांच अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई। बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय सोसाइटियों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। तकनीक आधारित पुलिसिंग के माध्यम से अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आगे भी करवाई जारी रहेगी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी, वाहन चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संगठित अपराधियों की पहचान कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने और आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाती रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।