नोएडा बस डिपो बनेगा हाईटेक: एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं और नए रूटों की सौगात
नोएडा बस डिपो का होगा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कायाकल्प! पीपीपी मॉडल पर बनेंगे मॉल, मल्टीप्लेक्स और होटल। अब सीधे अन्य राज्यों के लिए मिलेंगी बसें। जानें अपडेट।
नोएडा रोडवेज बस डिपो से यात्रियों को अंतरराज्यीय बस सुविधा मिलेगी। यहां से हिमाचल प्रदेश, राजस्थान समेत अन्य राज्यों के लिए बसें चलेंगी। इससे यात्रियों को दिल्ली के आनंद विहार या कश्मीरी गेट जाने की जरूरत नहीं होगी। बसों की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बस स्टेशनों को सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर अत्याधुनिक और हाईटेक बनाने की मंजूरी दी है। इसमें नोएडा बस डिपो भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। इन नए प्रीमियम बस अड्डों का कायाकल्प अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की तर्ज पर किया जाएगा।
यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
यात्रियों को बस टर्मिनल पर निम्नलिखित आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। परिसर के भीतर ही मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल, फूड कोर्ट, रेस्तरां और बड़े शॉपिंग मॉल विकसित किए जाएंगे। यात्रियों के लिए वीआईपी लाउंज, वातानुकूलित, प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे शौचालय और लिफ्ट-एस्केलेटर की व्यवस्था होगी। जरूरत पड़ने पर ठहरने के लिए होटल और वाहनों के लिए बड़ी अंडरग्राउंड पार्किंग की सुविधाएं दी जाएंगी। इसके साथ यहां से तमाम राज्यों के लिए बसों की सुविधा शुरू होगी।
यूपी रोडवेज का सभी राज्यों के परिवहन निगम से करार
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि नोएडा डिपो को सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर विकसित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया के तहत काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम का लगभग सभी राज्यों के परिवहन निगम से करार है। यही कारण है गाजियाबाद, लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के डिपो से कई राज्यों के लिए बसें चलती हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए आने वाले समय में नोएडा डिपो से भी सुविधाओं में विस्तार होगा। कुछ नए रूट शुरू किए जाएंगे।
अभी यूपी और उत्तराखंड के लिए सेवा
नोएडा डिपो से फिलहाल सिर्फ यूपी और उत्तराखंड के शहरों के लिए बसें चलती हैं। उत्तराखंड के शहरों में हरिद्वार, देहरादून और कोटद्वार के लिए बस सुविधा उपलब्ध है।
नोएडा और ग्रेनो डिपो में 305 बसें
नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो में 305 बसें हैं। सभी साधारण और सीएनजी से चलने वाली बसें हैं। दोनों ही डिपो की अपनी एसी बसें नहीं हैं। हालांकि, अन्य डिपो की एसी और इलेक्ट्रिक बसें नोएडा डिपो होकर निकलती हैं। डिपो से जिन शहरों के लिए बसों की सुविधा है, उनमें आगरा, मथुरा, एटा, कासगंज, बदायूं, हाथरस, लखनऊ, मेरठ, अलीगढ़, नजीबाबाद, बिजनौर, शिकोहाबाद आदि हैं। नोएडा डिपो से करीब दस साल पहले जनरथ वातानुकूलित बसें चलती थीं। घाटे का हवाला देकर बाद में इनको बंद कर दिया गया।