नोएडा: हाइटेंशन लाइन के कारण दोबारा बनेगी नए एलिवेटेड रोड की DPR; टेंडर जारी

नोएडा में महामाया फ्लाईओवर-यमुना पुश्ता एलिवेटेड रोड की डीपीआर हाइटेंशन लाइन के चलते दोबारा बनेगी। सेक्टर-150 में लगेंगी स्ट्रीट लाइट्स।

नोएडा में महामाया फ्लाईओवर से यमुना पुस्ते को जोड़ने के लिए प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) दोबारा से बनाई जाएगी। पुस्ते के ऊपर बिजली की हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। इसको देखते हुए नए सिरे से एलिवेटेड रोड की योजना तैयार की जाएगी।

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि इस एलिवेटेड रोड की लंबाई 1.2 मीटर से 1.6 किलोमीटर के बीच में रहने का अनुमान है। आईआईटी रुड़की की तरफ से संरचना पर बनाई गई पहली रिपोर्ट का प्रेजेंटेशन प्राधिकरण में हुआ। इसके अलावा टीम ने मौके पर निरीक्षण भी किया था। निरीक्षण में सेक्टर-94 में बिजली की हाइटेंशन लाइन गुजरने की बात सामने आई। इसके अलावा कुछ और बिंदुओं पर भी बदलाव करने की जरूरत है। ऐसे में प्राधिकरण ने रिपोर्ट दोबारा तैयार करने को कहा है।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि नई रिपोर्ट शनिवार शाम तक आ जाएगी। एलिवेटेड रोड, जहां पर प्रस्तावित है, वहां पर बिजली की लाइन की ऊंचाई और बढ़वाई जाएगी। दूसरे विकल्प भी देखे जाएंगे। सभी निर्णय के बाद नए सिरे से डीपीआर बनेगी।

ये होगा एलिवेटेड रोड का रूट

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि नई एलिवेटेड रोड नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के ऊपर ही सेक्टर-38 के सामने चिल्ला एलिवेटेड रोड से जोड़कर सेक्टर-94 गोल चक्कर तक बनाने की योजना है। इससे दिल्ली और सेक्टर-15 की ओर से जाने वाले वाहन बिना एक्सप्रेसवे पर उतरे सीधे सेक्टर-94 पहुंच सकेंगे। इसके बाद सेक्टर-94 से ग्रेटर नोएडा तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच एलिवेटेड एक्सप्रेसवे प्रस्तावित है जिससे ग्रेटर नोएडा तक सफर आसान हो जाएगा।

नोएडा सेक्टर-150 में अंधेरे वाले स्थानों पर लाइट लगेंगी

वहीं, नोएडा में यमुना पुश्ते के पीछे 30 मीटर चौड़ी समानांतर सड़क पर सेक्टर-150 में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। लाइट लगाने के काम पर प्राधिकरण एक करोड़ दो लाख 68 हजार रुपये खर्च करेगा। इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित जगह पर लाइट लगाने के लिए एजेंसियां 16 जून तक आवेदन कर सकती हैं। अगर इस टेंडर में एजेंसी का चयन हो गया तो अगस्त के पहले सप्ताह तक काम शुरू हो जाएगा। 30 मीटर चौड़ी सड़क पर अंधेरा दूर करने के लिए लाइट लगाई जाएंगी। यहां से काफी संख्या में लोग वाहनों से गुजरते हैं। सेक्टर-42, 43 और 45 में लाइटों की व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। सेक्टर-30 में विभिन्न स्थानों पर लगे पुराने और जर्जर पोल बदले जाएंगे। सेक्टर-52 के पार्कों में बिजली की व्यवस्था को ठीक किया जाएगा। इनके अलावा सेक्टर-122 के ए और बी ब्लॉक तथा आंतरिक सड़कों पर पुराने जर्जर पोल के स्थान पर नए ओक्टागोनल पोल लगाए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.