पंचकूला क्लब फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी गुरप्रीत उर्फ काकू पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार, जिगाना पिस्टल बरामद

पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला नाइट क्लब फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह गिरफ्तार। पुलिस ने हथियार और गाड़ी बरामद की।

पंचकूला: पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला नाइट क्लब के फायरिंग मामले में पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-2 ने इंचार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में मुख्य आरोपी को पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी पंजाब के जिला फिरोजपुर का रहने वाला गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू है.

क्लब के अंदर की फायरिंग: इस बारे में मीडिया से बातचीत के दौरान पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि, “गिरफ्तार मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू ने ही क्लब के अंदर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस टीम ने आरोपी को अदालत में पेश कर उसका 6 दिन का रिमांड हासिल किया है. रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई जिगाना पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस और भागने में इस्तेमाल की गई एक्सयूवी 500 गाड़ी भी बरामद कर ली है. फिलहाल पुलिस टीम आरोपी से अवैध हथियारों की सप्लाई चेन और उसके नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है.”

तीन आरोपी 6 दिन के रिमांड पर: वहीं, इस बारे में डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर ने बताया कि, “मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए तीन अन्य आरोपियों लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत और करनजीत सिंह (सभी निवासी फिरोजपुर, पंजाब) को 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था. इन आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है.”

जानें पूरा मामला: दरअसल, बीते 13 सितंबर को पुलिस चौकी सेक्टर-10 पंचकूला को नाइट क्लब अलिफ लैला में फायरिंग की सूचना मिली थी. पुलिस की विभिन्न टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और इस संबंध में थाना सेक्टर-5 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था.

Leave A Reply

Your email address will not be published.