पंचकूला मर्डर केस: 2 साल पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला के मनसा देवी में युवक की चाकू मारकर हत्या। पुलिस ने 24 घंटे में 4 हत्यारोपियों को पकड़ा। मामूली बात पर शुरू हुई रंजिश बनी जानलेवा। पढ़ें पूरी खबर।
पंचकूला: मनसा देवी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने और उसके दो दोस्तों को घायल करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियारों को बरामद किया जा सके.
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं चारों आरोपी: आरोपियों की पहचान अमन (उम्र 20 वर्ष, निवासी बदायूं, यूपी, हाल झुग्गी भैंसा टिब्बा), अर्जुन (उम्र 18 वर्ष, निवासी बरेली, यूपी, हाल निवासी भैंसा टिब्बा), विपिन कुमार (उम्र 20 वर्ष, निवासी बदायूं, यूपी, हाल निवासी मनसा देवी) और मोहित कुमार (उम्र 20 वर्ष, निवासी उन्नाव, यूपी, फिलहाल निवासी झुग्गी मनसा देवी पंचकूला) के रूप में हुई है.
क्या था पूरा मामला? डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि 16 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे पुलिस को सकेतड़ी रोड पर लड़कों के बीच खूनी संघर्ष होने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो मौके पर काफी खून बिखरा पाया और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मिली. इसके बाद पुलिस टीम नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला पहुंची, जहां मृतक के पिता ने अपने बयान दर्ज करवाए. शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका 20 वर्षीय बेटा कपिल अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था, जहां कुछ युवकों ने एक राय होकर उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. अस्पताल में डॉक्टरों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं.
24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार: पिता के बयानों के आधार पर थाना मनसा देवी पंचकूला में दिनांक 17 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 115, 103 और 60 के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में थाना मनसा देवी की टीम और क्राइम यूनिट्स ने संयुक्त रूप से तलाश शुरू की. गुप्त सूचना और त्वरित घेराबंदी कर पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच एमडीसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुनीष कुमार की अगुवाई में की जा रही है.
2 साल पहले हुए विवाद में की हत्या: डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि इस खूनी संघर्ष की जड़ें करीब 2 साल पुरानी एक मामूली बात से जुड़ी हैं. दरअसल दो साल पहले मृतक कपिल के एक दोस्त का इन आरोपियों ने प्रोटीन पाउडर खाकर बॉडी बनाने की बात को लेकर मजाक उड़ाया था. उस समय इनके बीच विवाद और झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से दोनों पक्षों में गहरी रंजिश चली आ रही थी. बीते दिनों जब इस पुरानी रंजिश को सुलझाने और समझौता कराने के लिए दोनों पक्ष इकट्ठा हुए तो एक बार फिर से आपस में कहासुनी हो गई. बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने तैश में आकर चाकू से हमला कर कपिल की जान ले ली. फिलहाल पुलिस हत्यारोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि रिमांड अवधि के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किए जा सकें.
पुलिस कमिश्नर का कड़ा संदेश: पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि कानून को चुनौती देने वाले किसी भी असामाजिक या आपराधिक मानसिकता वाले तत्व को बख्शा नहीं जाएगा.