पंजाब यूनिवर्सिटी एडमिशन 2026: UIAMS में इंटीग्रेटेड BBA-MBA कोर्स शुरू
पंजाब यूनिवर्सिटी UIAMS में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 5-वर्षीय BBA-MBA प्रोग्राम के दाखिले शुरू। 23 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन। जानें योग्यता और मेरिट के नियम।
चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट साइंसेज (UIAMS) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए BBA-MBA (Sectoral) फाइव ईयर इंटीग्रेटेड प्रोग्राम में दाखिले शुरू हो गए हैं. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 23 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे.
वाइस चांसलर ने जारी किया पोस्टर: इस एडमिशन अभियान का पोस्टर पंजाब यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर प्रो. रेनू विग ने जारी किया. इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के कई वरिष्ठ अधिकारी और फैकल्टी सदस्य भी उपस्थित रहे. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बताया कि यह कोर्स विद्यार्थियों को आधुनिक मैनेजमेंट शिक्षा और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है.
मेरिट के आधार पर मिलेगा प्रवेश: यूनिवर्सिटी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दाखिला 10वीं और 12वीं के अंकों के आधार पर किया जाएगा. मेरिट तैयार करने में 50 प्रतिशत वेटेज 10वीं और 50 प्रतिशत 12वीं के अंकों को दिया जाएगा. वहीं 12वीं में कॉमर्स विषय पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त 10 प्रतिशत वेटेज का लाभ मिलेगा.
तीनों स्ट्रीम के छात्र कर सकेंगे आवेदन:UIAMS की डायरेक्टर प्रो. अनुप्रीत कौर मावी ने बताया कि यह कोर्स इंडस्ट्री की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. इसमें छात्रों को मैनेजमेंट, लीडरशिप और एनालिटिकल स्किल्स में मजबूत बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि कॉमर्स, साइंस और आर्ट्स तीनों स्ट्रीम के विद्यार्थी इस कोर्स के लिए आवेदन करने के पात्र हैं. किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे.
आरक्षित वर्ग को मिलेगी छूट: यूनिवर्सिटी के अनुसार SC, ST, BC और PwD वर्ग के छात्रों को नियमानुसार अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. वाइस चांसलर प्रो. रेनू विग ने कहा कि यह प्रोग्राम विद्यार्थियों को इंडस्ट्री के अनुरूप तैयार करेगा और बेहतर करियर अवसर प्रदान करेगा.