पंजाब यूनिवर्सिटी में 24 अगस्त से नामांकन, 31 अगस्त को होगा मतदान

पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्र परिषद चुनाव का कार्यक्रम घोषित हो गया है। 24 अगस्त को नामांकन होंगे और 31 अगस्त को वोटिंग व परिणाम आएंगे।

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्र परिषद चुनाव 2026-27 को लेकर सियासी हलचल तेज होने वाली है. डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके मुताबिक 24 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और 31 अगस्त को मतदान कराया जाएगा. चुनाव में अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों, विभागीय प्रतिनिधियों और कार्यकारी समिति के लिए प्रक्रिया पूरी होगी.

24 अगस्त को दाखिल होंगे नामांकन: चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 24 अगस्त को सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे. सुबह 10:35 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 12 बजे संबंधित विभागों के नोटिस बोर्ड पर उम्मीदवारों की सूची प्रदर्शित की जाएगी. इसी दिन दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी.

25 अगस्त को साफ होगी तस्वीर: 25 अगस्त को सुबह 10 बजे वैध उम्मीदवारों की सूची जारी होगी. इसके बाद सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकेंगे. दोपहर 2:30 बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी. इसके साथ ही चुनावी मुकाबले में आमने-सामने आने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी.

31 अगस्त को मतदान, दोपहर से मतगणना: चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 31 अगस्त को सुबह 9:30 बजे मतदान शुरू होगा. मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन दोपहर 12 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे. विभागीय प्रतिनिधियों के परिणाम संबंधित विभागों में घोषित किए जाएंगे.

11 सितंबर को कार्यकारी समिति का चुनाव: कार्यकारी समिति का चुनाव 11 सितंबर को सुबह 11 बजे जूलॉजी विभाग के ऑडिटोरियम में कराया जाएगा. चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही कैंपस में छात्र संगठनों की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.

कैंपस में बढ़ेगा चुनावी तापमान: छात्र संगठनों ने पहले से ही चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं. उम्मीदवारों के नाम सामने आने के साथ प्रचार अभियान और रणनीतिक बैठकों का दौर तेज होगा. छात्र संगठनों के आमने-सामने आने से इस बार मुकाबला रोचक रहने की उम्मीद है. छात्र संगठनों की ओर से चुनाव को लेकर कहा जा रहा है अब कैंपस में प्रचार और चुनावी रणनीति का दौर और तेज होगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.