पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, आतंकी साजिश के एंगल से जांच शुरू

राजपुरा और शंभू के बीच रेलवे ट्रैक पर देर रात धमाका। मालगाड़ियों का आवागमन रुका। सुरक्षा एजेंसियां और NIA जांच में शामिल। रेलवे सुरक्षा को लेकर बड़ी साजिश की आशंका।

अंबाला: पंजाब में एक बार फिर रेलवे ट्रैक को निशाना बनाकर बड़ी साजिश रचने की कोशिश की गई है। राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसीसीआईएल) पर सोमवार देर रात ब्लास्ट हुआ। इसे आईडी ब्लास्ट माना जा रहा है। धमाके के कारण रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मालगाड़ियों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है।

अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर रूट पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इसे आतंकी साजिश के एंगल से देख रही हैं। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ रेलवे की क्राइम – ब्रांच और खुफिया एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही एनआईए की टीम भी घटनास्थल का दौरा कर सकती है।

24 जनवरी की रात में न्यू मंडी गोबिंदगढ़ और न्यू सरहिंद स्टेशन के बीच जीएफसीसीआईए कॉरिडोर पर इसी तरह का ब्लास्ट हुआ था। उस समय धमाका इतना घातक था कि मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया था और लोको पायलट हरेंद्र कुमार घायल हो गए थे। इस हादसे में सह-लोको पायलट बाल-बाल बच गए थे। बार-बार एक ही स्थान के आसपास हो रहे ये धमाके सुरक्षा चक्र में बढ़ों सेंध की ओर इशारा कर रहे हैं। अंबाला मंडल के डीआरएम विनोद कुमार भाटिया ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। रेलवे डीएफसीआईएल के प्रबंधन के संपर्क में है। मंगलवार को घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.