पहली बार अलग-अलग लॉन्च होंगे आईफोन 18 मॉडल्स, फोल्डेबल आईफोन से उठेगा पर्दा

एपल अपनी आईफोन लॉन्च रणनीति में बड़ा बदलाव कर सकता है। सितंबर में सिर्फ iPhone 18 Pro, Pro Max और पहला Foldable iPhone लॉन्च हो सकता है, जबकि स्टैंडर्ड iPhone 18 वर्ष 2027 तक के लिए टल सकता है।

एपल अपनी आईफोन लॉन्च रणनीति में बड़ा बदलाव कर सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस बार सितंबर इवेंट में केवल आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और अपना पहला फोल्डेबल आईफोन पेश कर सकती है. वहीं स्टैंडर्ड आईफोन 18 को 2027 की शुरुआत तक टाला जा सकता है. अगर ऐसा होता है तो कई सालों बाद एपल अपने सभी फ्लैगशिप आईफोन एक साथ लॉन्च करने की परंपरा बदल देगा.

सितंबर इवेंट में प्रो मॉडल्स के साथ आ सकता है फोल्डेबल आईफोन

हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपल अपने पारंपरिक सितंबर लॉन्च इवेंट में आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स पेश कर सकता है. यह इवेंट सितंबर के दूसरे सप्ताह में आयोजित होने की उम्मीद है. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि कंपनी कई वर्षों से चर्चा में रहे अपने पहले फोल्डेबल आईफोन से भी इसी मंच पर पर्दा उठा सकती है. अगर ऐसा होता है तो पहली बार एपल अपने सभी फ्लैगशिप आईफोन को एक साथ लॉन्च करने की पुरानी रणनीति से अलग रास्ता अपनाएगा. रिपोर्ट के अनुसार, लॉन्च के बाद उसी सप्ताह प्री ऑर्डर शुरू हो सकते हैं और एक सप्ताह बाद बिक्री शुरू होने की संभावना है.

स्टैंडर्ड आईफोन 18 की लॉन्चिंग हो सकती है देर से

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि एपल स्टैंडर्ड आईफोन 18 को सितंबर की बजाय 2027 के स्प्रिंग सीजन में लॉन्च कर सकता है. इसी दौरान कंपनी अगला आईफोन 18ई मॉडल भी पेश करने की तैयारी में बताई जा रही है. माना जा रहा है कि इससे नॉन प्रो मॉडल्स के लिए अलग लॉन्च साइकिल तैयार होगी. विश्लेषकों का मानना है कि इस रणनीति से कंपनी सितंबर इवेंट में अपने पहले फोल्डेबल आईफोन पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर सकेगी और पूरे साल अपने प्रोडक्ट लॉन्च को बेहतर तरीके से बांट पाएगी.

बदलाव के पीछे क्या हो सकती है वजह

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉन्च रणनीति में बदलाव के पीछे बढ़ती कंपोनेंट लागत और सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियां भी एक कारण हो सकती हैं. कंपनी ने अपनी हालिया अर्निंग्स कॉल में मेमोरी की बढ़ती कीमतों के दबाव का भी जिक्र किया था, जिससे कंपोनेंट लागत को लेकर चिंता बनी हुई है. अलग-अलग समय पर नए आईफोन लॉन्च करने से एपल को पूरे साल अलग-अलग खरीदारी सीजन का फायदा मिल सकता है. हालांकि कंपनी ने फिलहाल इन योजनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन कई रिपोर्ट्स में आईफोन 18 सीरीज के साथ नई लॉन्च रणनीति अपनाने की संभावना जताई गई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.