पांची जाटान गांव की आंगनबाड़ी में बच्चों के आहार में मिले कीड़े, एक्सपायरी चॉकलेट खाने से बच्चे की तबीयत बिगड़ने का दावा
सोनीपत के पांची जाटान गांव की आंगनबाड़ी में बच्चों को मिलने वाले आहार में एक्सपायरी चॉकलेट और कीड़े मिलने का आरोप। ग्रामीणों ने मांगी जांच।
सोनीपत : सोनीपत के पांची जाटान गांव की आंगनबाड़ी में बच्चों के पौष्टिक आहार की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। ग्रामीणों ने एक्सपायरी प्रोटीन मिल्क बार चॉकलेट और खील में कीड़े मिलने का आरोप लगाया है। डायल-112 पर पुलिस को बुलाया गया। वहीं, एक महिला ने चॉकलेट खाने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने का दावा किया। ग्रामीण संसार ने आंगनबाड़ी वर्कर अनीता पर आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत उठाने पर उसके खिलाफ थाने में शिकायत दी गई। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस पूरे मामले में ग्रामीण संसार ने आंगनबाड़ी वर्कर अनीता पर भी आरोप लगाए हैं। संसार का कहना है कि उसने जब बच्चों को दिए जाने वाले आहार में एक्सपायरी चॉकलेट और खील में कीड़े मिलने की आवाज उठाई तो उसके खिलाफ ही थाने में शिकायत दे दी गई।ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के लिए आने वाले पौष्टिक आहार की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आहार के सैंपल की जांच करवाने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
बच्चों को दिए जाने वाले पौष्टिक आहार पर अब कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर ग्रामीणों के आरोप सही हैं, तो एक्सपायरी चॉकलेट और खील में कीड़े बच्चों तक पहुंचने से पहले गुणवत्ता की जांच क्यों नहीं हुई? और जब ग्रामीण ने इस मामले को लेकर सवाल खड़े किए और आवाज उठाई, तो उसके खिलाफ थाने में शिकायत क्यों दी गई? अब इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।