पानीपत: बिहोली में नौकर की गला काटकर हत्या, साथ रहने वाला रिश्तेदार फरार

पानीपत के बिहोली गांव में बिहार निवासी रणजीत की गला काटकर निर्मम हत्या। खेत में बने कमरे में मिला शव। शक के घेरे में साथ रहने वाला रिश्तेदार, पुलिस तलाश में जुटी।

पानीपत  :  पानीपत जिले के गांव बिहोली में सोमवार को एक नौकर की गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी रणजीत के रूप में हुई है, जो पिछले 12 वर्षों से पूर्व सरपंच के खेतों में काम कर रहा था। इस मामले में पुलिस का शक मृतक के ही एक रिश्तेदार पर गहरा गया है, जो वारदात के बाद से फरार है।

खेत में बने कमरे में मिला लहूलुहान शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रणजीत (35) निवासी पूर्णिया बिहार, गांव बिहोली के पूर्व सरपंच जिले सिंह के खेतों में करीब 12 साल से नौकरी करता था। वह अभी दो महीने पहले ही अपने गांव से वापस काम पर लौटा था। सोमवार सुबह रणजीत का शव बिहोली-बापौली रोड पर रतन के खेत में मिला। अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से उसका गला काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया था।

रिश्तेदार विनोद पर हत्या का अंदेशा, रात से है फरार

पुलिस जांच में एक अहम कड़ी सामने आई है। पूर्व सरपंच जिले सिंह के भतीजे अमित ने करीब 15-20 दिन पहले ही विनोद नाम के एक नए नौकर को काम पर रखा था। विनोद, मृतक रणजीत का रिश्तेदार बताया जा रहा है और वह रणजीत के साथ ही खेत में बने कमरे में अपने परिवार सहित रह रहा था। पुलिस को अंदेशा है कि रविवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ। इसी झगड़े में विनोद ने तेजधार हथियार से रणजीत की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। विनोद की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं।

मौके पर पहुँचे DSP और भारी पुलिस बल

वारदात की सूचना मिलते ही DSP आत्माराम और थाना प्रबंधक बापौली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। DSP आत्माराम ने बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक दृष्टि में मामला आपसी झगड़े का लग रहा है। मृतक का साथी और रिश्तेदार विनोद रात से ही गायब है, जिसकी वजह से उस पर शक गहरा है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.