पावर ग्रिड लाइन मुआवजे की मांग को लेकर सोहटी गांव में किसानों का धरना, अभिमन्यु कुहाड़ भूख हड़ताल पर
सोनीपत के सोहटी गांव में पावर ग्रिड मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसान नेता अभिमन्यु कुहाड़ भूख हड़ताल पर हैं।
सोनीपत : सोनीपत के सोहटी गांव में एक बार फिर किसान आंदोलनों के पुराने दौर की यादें ताजा कर रही हैं। दिल्ली की दहलीज से सटे सोनीपत में एक बार फिर सड़कों पर किसानों का जमावड़ा है। सोहटी गांव में पावर ग्रिड लाइन के मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
सड़क पर बैठे किसान, सामने पुलिस के जवान और आंदोलन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता अभिमन्यु कुहाड़ भूख हड़ताल पर बैठे हैं। किसानों का कहना है कि मुआवजे के मुद्दे पर प्रशासन का रवैया संतोषजनक नहीं है। अब किसानों ने दो टूक कह दिया है कि उचित मुआवजे की मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन का दायरा बढ़ाया जाएगा।
किसानों के मुताबिक, नरेला से सीकर की ओर जाने वाली पावर ग्रिड लाइन के लिए उनकी जमीन प्रभावित हो रही है और वे उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।इसी मांग को लेकर किसान कल से ही सड़क पर डटे हुए हैं। धरने की अगुवाई किसान नेता अभिमन्यु कुहाड़ कर रहे हैं, जो भूख हड़ताल पर बैठे हैं। किसानों का कहना है कि मुआवजे के मुद्दे पर प्रशासन के साथ बातचीत के बावजूद समाधान नहीं निकल पाया है।
मौके पर आंदोलन का अलग-अलग रंग भी दिखाई दे रहा है। धरने पर बैठी महिलाएं भजन-कीर्तन करती नजर आईं, तो कुछ किसान ताश खेलकर समय बिताते दिखाई दिए। लेकिन इन तस्वीरों के पीछे किसानों की नाराजगी साफ नजर आ रही है। किसानों का कहना है कि उनकी मांग सिर्फ उचित मुआवजे की है और जब तक इस मुद्दे का समाधान नहीं होता, उनका धरना जारी रहेगा।
किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो ये आंदोलन देशव्यापी आंदोलन में बदला जाएगा। किसानों का दावा है कि कई राज्यों के किसान नेताओं से भी बातचीत चल रही है। आज होने वाली बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।