पिंजोर: एक्सीडेंट के बाद घायल को अस्पताल ले जाने के बजाय शव फेंका, 2 गिरफ्तार

पंचकूला के पिंजोर में टेम्पो चालक ने घायल को अस्पताल ले जाने के बजाय शव ठिकाने लगाया। पिता-पुत्र गिरफ्तार, तीसरा आरोपी फरार। जानें पूरी घटना।

पंचकूला : हरियाणा में पंचकूला जिले के पिंजोर इलाके में पुलिस ने सड़क दुर्घटना में एक पीड़ित को समय पर चिकित्सा उपचार दिलाने के बजाय उसके शव को ठिकाने लगाने की कोशिश करने के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। इस घटना में शामिल तीसरा आरोपी अभी भी फरार है और पुलिस टीम उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना सात जून को चरणजीत सिंह के परिवार को सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिलने के बाद सामने आयी। परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें पता चला कि एक टेम्पो ने उन्हें टक्कर मार दी थी। चालक घायल व्यक्ति को इलाज के लिए ले जाने का दावा करते हुए गाड़ी में बिठाकर ले गया। इसके बाद इलाके के कई अस्पतालों में तलाश करने के बावजूद परिवार को चरणजीत सिंह नहीं मिला। बाद में, उन्हें चंडीमंदिर पुलिस स्टेशन से सूचना मिली कि चौकी ग्रिड गांव के पास नीले तिरपाल में लिपटा एक शव बरामद हुआ है। शव से मिले आधार काडर् से मृतक की पहचान पंचकूला निवासी चरणजीत सिंह के रूप में हुई। परिवार ने बाद में शव की पहचान की जिसे पोस्टमाटर्म के लिए पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया गया।

पुलिस को दिये अपने बयान में पीड़ित के परिजनों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के समय टेम्पो चालक लापरवाही के साथ तेज गति से गाड़ी चला रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने के बजाय शव को ठिकाने लगाकर घटना को छिपाने का प्रयास किया। पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता ने बताया कि पिंजोर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह के नेतृत्व में अमरावती पुलिस चौकी की टीम ने त्वरित कारर्वाई करते हुए मामला दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेम चंद और उनके पुत्र शंकर के रूप में हुई है और दोनों अंबाला जिले के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दुर्घटना के बाद आरोपियों ने कथित रूप से घायल व्यक्ति का तत्काल उपचार कराने के बदले घटना को दबाने के लिए उसके शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि तीसरे आरोपी को पकड़ने की कोशिश जारी हैं। जांचकर्ता मामले से जुड़े सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं और दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कारर्वाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.