पीएमओ डॉ. विनय देशवाल के साथ मारपीट के विरोध में झज्जर के डॉक्टर गए हड़ताल पर, ओपीडी सेवाएं ठप
बहादुरगढ़ में पीएमओ डॉ. विनय देशवाल के साथ मारपीट के विरोध में झज्जर जिले के डॉक्टर हड़ताल पर। ओपीडी सेवाएं पूरी तरह ठप।
बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ में पीएमओ डॉ. विनय देशवाल के साथ मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में झज्जर जिले के सभी नागरिक अस्पतालों, पीएचसी और सीएचसी सेंटरों के डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। डॉक्टरों ने डॉ. विनय देशवाल के समर्थन में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी हैं, जिसके चलते अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल कर रहे डॉक्टरों ने आरोपी रेडियोग्राफर की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल निलंबित करने की मांग भी उठाई है। डॉक्टरों का कहना है कि पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में संगीन अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी जाएं। डॉक्टरों ने प्रशासन को सीधी चेतावनी दी है कि अगर आज आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कल से जिले भर में इमरजेंसी सेवाएं भी बंद कर दी जाएंगी। इतना ही नहीं, डॉक्टरों ने सोमवार से पूरे प्रदेश के अस्पतालों में हड़ताल की चेतावनी भी दी है।
बता दें कि बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर में पीएमओ डॉ. विनय देशवाल के साथ एक रेडियोग्राफर द्वारा कथित तौर पर मारपीट की गई थी। इसके बाद से ही डॉक्टरों में रोष है। अब जिलेभर के डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।