प्रताप नगर: अराईयावाला गांव में तेंदुए का आतंक, बछड़ी को बनाया शिकार

प्रताप नगर के अराईयावाला गांव में तेंदुए ने पशु को अपना शिकार बनाया। ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन्य प्राणी विभाग ने ग्रामीणों को दी विशेष सावधानी बरतने की सलाह।

प्रताप नगर : क्षेत्र के गांव अराईयावाला में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव के जंगल से सटे क्षेत्र में एक घर के पास बंधी बछड़ी को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। तेंदुआ बछड़ी को घसीटकर जंगल में ले गया, जहां उसका शव बरामद हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है और उन्होंने वन्य प्राणी विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार अराईयावाला निवासी संदीप और देवीलाल ने अपने घर के पीछे पशु बांध रखे थे। रोजाना की तरह शनिवार सुबह जब वे पशुओं को चारा डालने के लिए उठे तो देखा कि खूंटे से बंधी बछड़ी गायब है। पहले तो उन्हें लगा कि शायद रस्सी टूटने के कारण बछड़ी कहीं निकल गई होगी, लेकिन आसपास तलाश करने पर जमीन पर संघर्ष और घसीटे जाने के निशान दिखाई दिए। ग्रामीणों ने निशानों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर जंगल के भीतर बछड़ी का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर अंदेशा लगाया गया कि किसी जंगली जानवर ने उसका शिकार किया है।

घटना की सूचना तुरंत वन्य प्राणी विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास मिले पैरों के निशानों तथा अन्य संकेतों के आधार पर प्रारंभिक जांच में तेंदुए द्वारा हमले की आशंका जताई। टीम ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी भी जुटाई। विभाग की ओर से ग्रामीणों को रात के समय विशेष सावधानी बरतने, पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने तथा बच्चों को अकेले जंगल की ओर न जाने देने की सलाह दी गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.