प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शुरू की फेसलेस सेवा, ऑनलाइन होगी आवेदन की पूरी प्रक्रिया

चंडीगढ़ प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए 'ई-संपदा सीएचडी' मोबाइल ऐप और फेसलेस सेवा की शुरुआत की है। अब प्रॉपर्टी के कामों के लिए एस्टेट ऑफिस के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

चंडीगढ़: चंडीगढ़वासियों को अब संपत्ति से जुड़े काम कराने के लिए बार-बार एस्टेट ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. दरअसल, चंडीगढ़ प्रशासन ने ‘ई-संपदा सीएचडी’ मोबाइल ऐप और फेसलेस सेवा वितरण सुविधा शुरू की है. दोनों डिजिटल सुविधाओं की शुरुआत रामदरबार स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित समाधान शिविर के दौरान यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने की.

मोबाइल पर मिलेगी संपत्ति की जानकारी: इस बारे में उपायुक्त-सह-एस्टेट ऑफिसर निशांत कुमार यादव ने बताया कि, “ऐप के जरिए नागरिक अपने मोबाइल से संपत्ति से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां हासिल कर सकेंगे. इसमें संपत्ति का विवरण देखने, पहले किए गए आवेदन की स्थिति जांचने और संपत्ति पर बकाया राशि की जानकारी लेने की सुविधा होगी. ई-संपदा सीएचडी के जरिए नागरिकों को संपत्ति संबंधी सेवाओं के लिए कार्यालय आने की जरूरत कम होगी.”

शिकायत दर्ज करने से स्टेटस देखने तक सुविधा: ऐप पर नागरिक ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कर सकेंगे. शिकायत दर्ज होने के बाद उसके निपटारे की स्थिति भी मोबाइल पर देखी जा सकेगी. इससे सामान्य जानकारी और शिकायत से जुड़े काम के लिए एस्टेट ऑफिस पहुंचने की जरूरत नहीं होगी. प्रशासन के अनुसार ऐप फिलहाल एंड्रॉयड प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और जल्द ही आईओएस ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध कराया जाएगा.

बिना अपॉइंटमेंट ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन: फेसलेस सेवा वितरण सुविधा के तहत नागरिक संपत्ति संबंधी सेवाओं के लिए बिना अपॉइंटमेंट लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज भी डिजिटल माध्यम से जमा किए जा सकेंगे. इसके बाद दस्तावेज संबंधित शाखा को ऑनलाइन भेजे जाएंगे और आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

अधिकारी से सीधे संपर्क की जरूरत नहीं: प्रशासन के मुताबिक आवेदन जमा करने से लेकर अंतिम निपटारे तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. इस दौरान आवेदक और संबंधित अधिकारी के बीच सीधे संपर्क की जरूरत नहीं होगी. इससे कार्यालय में लोगों की आवाजाही कम होगी और सेवा वितरण को अधिक पारदर्शी व कागजरहित बनाने में मदद मिलेगी.

सरल और पारदर्शी सेवाओं पर जोर: एस्टेट ऑफिसर निशांत कुमार यादव ने बताया कि दोनों पहलें संपत्ति संबंधी सेवाओं को सरल, तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. उन्होंने नागरिकों से डिजिटल सुविधाओं का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की. कार्यक्रम में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.