प्रेमिका के मोबाइल में दूसरी चैट देखकर 22 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, नहर में मिला शव
फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में प्रेमिका के किसी अन्य युवक से चैट देखकर क्षुब्ध 22 वर्षीय नकुल ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली।
फरीदाबाद: प्रेमिका के मोबाइल में दूसरे युवक के साथ चैट देखकर 22 वर्षीय युवक इतना आहत हो गया कि उसने आत्महत्या कर ली. घटना से पहले युवक ने अपने पिता को फोन कर कहा कि “जिस लड़की से मैं करीब सात साल से प्यार करता हूं, उसने उसे धोखा दिया है.” फोन पर वो लगातार रो रहा था. उसने पिता से परिवार का ध्यान रखने की बात कही और इसके बाद मीठापुर के पास आत्महत्या कर ली. देर रात पल्ला थाना क्षेत्र में नहर से उसका शव बरामद हुआ.
प्यार में धोखा मिला तो युवक ने की आत्महत्या! मृतक की पहचान दिल्ली के मीठापुर निवासी नकुल के रूप में हुई है. नकुल फरीदाबाद के सेक्टर-21सी स्थित एक सैलून में हेयर स्टाइलिस्ट के तौर पर काम करता था. परिजनों के मुताबिक, उसके घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर रहने वाली एक युवती से उसकी काफी समय पहले दोस्ती हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई. परिवार का कहना है कि दोनों पिछले करीब सात साल से रिश्ते में थे.
फिल्म देखने के बाद गर्लफ्रेंड से हुई कहासुनी: नकुल ने गुरुवार को गर्लफ्रेंड के साथ फिल्म देखने का प्लान बनाया. दोनों साथ में मूवी देखी और दिनभर साथ रहे. शाम को अचानक दोनों के बीच विवाद हो गया. नकुल के पिता के मुताबिक “उसने गर्लफ्रेंड के मोबाइल फोन में किसी दूसरे युवक के साथ उसकी चैट देख ली. उसने जब प्रेमिका से पूछा कि दूसरा युवक कौन है और उससे बातचीत क्यों हो रही है? तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला.”
चैट को लेकर हुआ विवाद: नकुल को लगा कि उसकी गर्लफ्रेंड उसे धोखा दे रही है. विवाद के बाद नकुल युवती को उसके घर छोड़कर आया, लेकिन खुद अपने घर नहीं लौटा. इसके बाद वो सीधा मीठापुर के पास नहर पर पहुंच गया. पिता को फोन कर बोला- ‘मैं खुदकुशी करने जा रहा हूं.’ नकुल ने शाम करीब 7:30 बजे अपने पिता हरिशंकर को फोन किया. पिता के मुताबिक, “वो फोन पर बुरी तरह रो रहा था.”
नकुल ने मरने से पहले पिता को कॉल की: नकुल के पिता हरिशंकर ने बताया “बार-बार नकुल यही कह रहा था कि जिस लड़की से मैं प्यार करता हूं, उसने उसे धोखा दिया. मैं उस लड़की से बहुत प्यार करता हूं. अब मैं अपनी जिंदगी खत्म करने जा रहा हूं. आप मां, बहन और भाई का ध्यान रखना. बाय पापा, बाय, मैं जा रहा हूं.” पिता ने उसे फोन पर काफी समझाया और ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए कहा, लेकिन नकुल ने उनकी बात नहीं मानी और आत्महत्या कर ली.
नहर में मिला नुकल का शव: हरिशंकर ने बताया कि “रात करीब 8:30 बजे तक नकुल का फोन नहीं लगा. इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए. नकुल के बड़े भाई के बेटे योगेश को जैतपुर थाने भेजकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की गई. इस दौरान थाने में पता चला कि नहर में एक युवक का शव मिला है. योगेश ने पुलिस से शव की फोटो दिखाने को कहा. फोटो देखते ही परिवार के लोगों ने युवक की पहचान नकुल के रूप में कर ली.”
पुलिस मामले की जांच में जुटी: पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि “रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच नहर में एक युवक का शव मिला. स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया. पहचान मीठापुर निवासी नकुल के रूप में हुई. शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. नकुल के पिता हरिशंकर का आरोप है कि उनका बेटा युवती के व्यवहार से मानसिक रूप से परेशान था. उनका कहना है कि इस परेशानी के चलते उसने इतना बड़ा कदम उठाया. उन्होंने मामले में युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.”