फतेहाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोरी मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, 4 मोटरसाइकिल बरामद

फतेहाबाद शहर पुलिस ने बाइक चोरी की गुत्थी सुलझाई। बस अड्डा और शादी समारोह से बाइक चुराने वाले दो आरोपी काबू। कब्जे से 4 मोटरसाइकिल बरामद। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया।

फतेहाबाद :  फतेहाबाद शहर में पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल चार चोरी के मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि पहले मामले में पुलिस चौकी बस अड्डा में शिकायतकर्ता राजेंद्र सिंह पुत्र चंदूराम निवासी गांव बोसवाल (ढाणी रूपनगर), तहसील व जिला फतेहाबाद ने शिकायत दी थी कि 11 अप्रैल 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल को पुराने बस अड्डा स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के पास खड़ी कर अपने कार्य हेतु चला गया था। कुछ समय बाद लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल पुत्र गुलज़ारी निवासी भुना को काबू कर उसके कब्जे से दो चोरी के मोटरसाइकिल बरामद किए हैं।

इसी प्रकार दूसरे मामले में पुलिस चौकी गुरुनानक पुरा में शिकायतकर्ता विकास पुत्र चीनी पुत्र असारु निवासी फुवारा चौक, हांसी रोड, जींद (हरियाणा), हाल निवासी डीएसपी रोड, नजदीक विवेकानंद स्कूल, फतेहाबाद ने शिकायत दी कि 20 अप्रैल 2026 को शीश महल पैलेस, रतिया रोड, फतेहाबाद में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान पार्किंग से उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पवन कुमार पुत्र सेठीराम निवासी बिठमड़ा, जिला हिसार हाल वार्ड नंबर 14, चंदन नगर, भुना को काबू किया। आरोपी के कब्जे से दो चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनमें से एक मोटरसाइकिल थाना शहर फतेहाबाद क्षेत्र की तथा दूसरी थाना शहर टोहाना क्षेत्र की पाई गई है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामलों में आगामी जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.