फरीदाबाद: मलबरी काऊंटी सोसायटी में 10 साल के बच्चे पर आवारा कुत्तों का हमला
फरीदाबाद की मलबरी काऊंटी सोसायटी में 10 साल के बच्चे को आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने बुरी तरह नोचा। बच्चा अस्पताल में भर्ती, सोसायटी में कुत्तों के आतंक से दहशत।
फरीदाबाद : सैक्टर-70 स्थित मलबरी काऊंटी सोसायटी में बुधवार को 10 साल के मासूम को आवारा कुत्तों ने नोच डाला। सोसायटी में बच्चा अपनी साइकिल की चेन चढ़ा रहा था। इसी दौरान करीब आधा दर्जन कुत्तों ने उसे घेर लिया और काट डाला। घटना से नाराज सोसायटी के लोग जब डंडे लेकर कुत्तों को भगाने के लिए निकले तो सोसायटी के ही कुछ लोगों ने उनका विरोध भी किया।
सोसायटी निवासी धीरेंद्र सिंह ने बताया उनका 10 वर्षीय बेटा पार्थ सोसायटी के बेसमेंट में साइकिल चला रहा था। इस दौरान साइकिल की चेन उतर गई। वह चेन चढ़ाने लगा तभी 5-6 कुत्तों ने उसके ऊपर हमला कर नीचे दबा लिया। पार्थ की चीख सुनकर कुछ लोग पहुंचे और काफी मुश्किल से उसे कुत्तों से छुड़ाया। धीरेंद्र सिंह का कहना है कि बेटे के शरीर पर कोई ऐसा हिस्सा नहीं है जहां कुत्तों ने न नोचा हो। पार्थ को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसका आपरेशन होगा। घटना के बाद से वह बेहद डरा हुआ है।