फरीदाबाद: मुजेसर की थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग, 18 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

फरीदाबाद के मुजेसर इंडस्ट्रियल एरिया में थर्माकोल फैक्ट्री में लगी भयानक आग। धमाकों से दहला इलाका, चपेट में आईं 3 कंपनियां। 18 दमकल गाड़ियों ने मजदूरों को सुरक्षित निकाला।

फरीदाबाद: मुजेसर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित किरण पैकेजिंग उद्योग में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. ये आग प्लॉट नंबर 110 में स्थित थर्माकोल फैक्ट्री में लगी. आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

फरीदाबाद में फैक्ट्री में आग: प्रत्यक्षदर्शी कमल सिंह ने बताया कि मुजेसर थाने में वो किसी काम के लिए आए थे. उन्हें थाने के बगल की कंपनी से तेज तेज जलने की आवाज आई और धुंआ भी निकलता दिखाई दे रहा था. जब वो कंपनी की तरफ आए, तो उसमें बहुत तेज आग लगी हुई थी. वो तुरंत थाने में दोबारा गए और पुलिस को बताया. इसके बाद पुलिसकर्मी भी बाहर निकाल कर आए और कंपनी में जाकर देखा, तो आग लगी हुई थी.

दो अन्य फैक्ट्रियां आग की चपेट में आई: पुलिसकर्मियों ने तुरंत वहां मौजूद चार से पांच लोगों को फैक्ट्री से सुरक्षित बाहर निकाला और सूचना दमकल विभाग को दी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. आग इतनी भयंकर थी कि फैक्ट्री के अंदर रखा सारा सामान जलने लगा और कुछ फटने की आवाज अंदर से आने लगी. फैक्ट्री के अंदर रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण अंदर से लगातार धमाकों की आवाजें भी सुनाई देने लगीं.

कर्मचारियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया: धमाकों की आवाजों से आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास की अन्य फैक्ट्रियों में नाइट शिफ्ट में काम कर रहे मजदूरों को भी तुरंत बाहर निकाल लिया गया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में स्थित अन्य फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ गईं. आग फैलते हुए ओमेगा ब्राइट स्टील उद्योग और एनवोसफे एक्वा सॉल्यूशन नामक फैक्ट्रियों तक पहुंच गई.

18 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची: मौके पर मुजेसर थाना की पुलिस टीम ने फैक्ट्री के आसपास दोनों तरफ से आने जाने वाले वाहनों को रोक दिया, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा ने आए. सूचना के बाद लगातार एक के बाद एक दमकल की गाड़ियां पहुंची, शुरुआत में तीन दमकल गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग स्थानों से कुल 18 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.