फरीदाबाद में पूर्व सरपंच के घर पड़ी डेढ़ करोड़ की डाका, 70 तोला सोना और ढाई किलो चांदी चोरी
फरीदाबाद के शाहूपुरा गांव में पूर्व सरपंच के घर बड़ी चोरी। 70 तोले सोना, ढाई किलो चांदी और साढ़े तीन लाख नकदी समेत डेढ़ करोड़ का माल पार।
फरीदाबाद : फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र के गांव शाहुपुरा में देर रात पूर्व सरपंच के घर बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। पूर्व सरपंच देवी के मुताबिक, चोर दीवार कूदकर घर में दाखिल हुए और करीब 70 तोले सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के आभूषण और साढ़े तीन लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है।
दीवार कूदकर घर में दाखिल हुए चोर
शाहुपुरा निवासी पूर्व सरपंच देवी ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं और सभी परिवार के साथ एक ही मकान में रहते हैं। बुधवार देर रात वह अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ नीचे के कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका दूसरा बेटा और उसकी पत्नी ऊपर के कमरे में सो रहे थे। एक बहू अपने बच्चे के साथ मायके गई हुई थी। देवी के अनुसार, देर रात चोर घर की दीवार कूदकर अंदर दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
परिवार के सदस्यों के कमरों में बाहर से लगाई कुंडी
चोरों ने घर में सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरों के दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके। हालांकि, जिस कमरे में देवी सो रहे थे, उसकी कुंडी चोर बाद में खोल गए। सुबह करीब 5 बजे देवी की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि सामने वाले कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने के आभूषण और नकदी गायब मिली।
70 तोले सोना और ढाई किलो चांदी ले गए
पूर्व सरपंच देवी ने बताया कि चोर घर से करीब 70 तोले सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के आभूषण और 3.5 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। सुबह ऊपर जाकर देखने पर परिवार के अन्य सदस्यों के कमरों की कुंडी बाहर से लगी मिली। इसके बाद परिवार को पूरी वारदात का पता चला।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाली जा रही
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सदर थाना प्रभारी प्रकाश चंद के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।