फरीदाबाद में मैनाली ब्रांड के नाम पर चल रहा था नकली केमिकल का खेल, कंपनी मैनेजर अरेस्ट
हरियाणा ड्रग कंट्रोल विभाग ने फरीदाबाद के सेक्टर-69 स्थित कंपनी पर छापेमारी कर नकली प्रोपिलीन ग्लाइकोल के निर्माण का पर्दाफाश किया है। 42 ड्रम जब्त कर मैनेजर को गिरफ्तार किया गया।
फरीदाबाद : हरियाणा ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम ने फरीदाबाद स्थित एक कंपनी पर छापेमारी कर नकली (स्प्यूरियस/काउंटरफिट) प्रोपिलीन ग्लाइकोल के निर्माण और पैकिंग का बड़ा मामला पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली ब्रांडिंग सामग्री, 42 ड्रम प्रोपिलीन ग्लाइकोल और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। मामले में कंपनी के मैनेजर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर फरीदाबाद-III परवीन राठी, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर फरीदाबाद-II संदीप गहलावत तथा वरिष्ठ ड्रग कंट्रोल ऑफिसर फरीदाबाद कृष्ण कुमार की संयुक्त टीम ने एम/एस कोकोना एशिया इंग्रीडिएंट्स प्राइवेट लिमिटेड, प्लॉट नंबर-910, सेक्टर-69, आईएमटी फरीदाबाद में छापेमारी की। यह कार्रवाई हरियाणा राज्य औषधि नियंत्रक, पंचकूला को मिली शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें मैनाली ब्रांड के नाम पर नकली प्रोपिलीन ग्लाइकोल बेचे जाने की सूचना थी।
निरीक्षण के दौरान कंपनी के मैनेजर परवीन मौके पर मौजूद मिले। उन्होंने बताया कि कंपनी के निदेशक नवनीत जलोटा उपलब्ध नहीं हैं। टीम ने निदेशक से फोन पर संपर्क कर उन्हें मौके पर आने के लिए कहा, लेकिन वे निरीक्षण के दौरान नहीं पहुंचे। जांच में सामने आया कि कंपनी औद्योगिक ग्रेड के प्रोपिलीन ग्लाइकोल को चीनी कंपनी के ड्रमों से निकालकर एम/एस मैनाली पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड, चेन्नई के नाम और लेबल वाले खाली ड्रमों में भर रही थी, जिससे यह प्रतीत हो कि उत्पाद उसी कंपनी द्वारा निर्मित है।
छापेमारी के दौरान टीम ने 42 ड्रम प्रोपिलीन ग्लाइकोल, चीनी कंपनी के खाली ड्रम, ट्रांसफर पंप, मैनाली पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के नाम वाले बड़े और छोटे सीलिंग कवर तथा ड्रम सील करने में इस्तेमाल होने वाला धातु का तार बरामद कर फॉर्म-16 के तहत जब्त किया। इसके अलावा जांच के लिए फॉर्म-17 के तहत प्रोपिलीन ग्लाइकोल का एक नमूना भी लिया गया। प्रथम दृष्टया नकली और जाली दवाओं के निर्माण एवं बिक्री के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कंपनी के मैनेजर परवीन को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।