फारूक अब्दुल्ला का बड़ा दावा: बंगाल में ममता और तमिलनाडु में स्टालिन की जीत तय
फारूक अब्दुल्ला ने बंगाल, केरल और तमिलनाडु चुनाव नतीजों पर किया बड़ा दावा। मिडिल ईस्ट युद्ध रोकने के लिए ट्रंप से अपील और जम्मू-कश्मीर नशा मुक्ति पर दी अपनी राय।
जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बंगाल, केरलम और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल में, कांग्रेस बंगाल में और स्टालिन तमिलनाडु में जीत रहे हैं. ये अल्लाह का बहुत बड़ा करम है. इसके साथ ही उन्होंने मिडिल ईस्ट के हालात पर भी बात की.
फारूक अब्दुल्ला ने कहा, यह युद्ध जल्द से जल्द रुकना चाहिए. शांति बहुत जरूरी है. अगर मिडिल ईस्ट में शांति बहाल नहीं हुई तो ये दुनिया के लिए बहुत बड़ी त्रासदी होगी. हर देश और हर नेता को यह कोशिश करनी चाहिए कि यह युद्ध तुरंत समाप्त हो. मुझे उम्मीद है कि अमेरिकी राष्ट्रपति को भी अब यह एहसास हो गया होगा कि इजराइल उन्हें युद्ध की ओर धकेलने में सही नहीं था.
यह युद्ध जल्द से जल्द खत्म हो
अब्दुल्ला ने कहा, मैं खुदा से दुआ करता हूं कि ट्रंप तेजी से कदम उठाएं और चीन-रूस भी यह सुनिश्चित करें कि यह युद्ध जल्द से जल्द खत्म हो. उन्होंने जम्मू-कश्मीर में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान पर भी प्रतिक्रिया दी. अब्दुल्ला ने कहा, देखिए, नशे ने हम सबको जकड़ रखा है. इससे निजात पाने के लिए जब तक माता-पिता और आम लोग मदद नहीं करेंगे, सरकार की तरफ से सिर्फ यह कहना कि नशाबंदी हो जाएगी, ऐसा नहीं होगा.
लोग मदद करेंगे तो नशे की समस्या खत्म हो जाएगी
उन्होंने कहा, इसमें सबसे बड़ी चीज जो है, वो लोगों की मदद है. अगर लोग मदद करेंगे तो नशे की समस्या खत्म हो जाएगी. बता दें कि कुछ दिन पहले ही जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत 100 दिन के विशेष अभियान की शुरुआत की है.
श्रीनगर में होगा बड़ा कार्यक्रम
इस अभियान का मकसद केंद्र शासित प्रदेश से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना है. इसके तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. मई के पहले सप्ताह में श्रीनगर में भी बड़ा कार्यक्रम होना है. एलजी ने इस अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर देते हुए युवाओं, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता से भागीदारी की अपील की है.