फिटनेस और नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए दौड़े 8 हजार लोग, साइबर क्राइम से सतर्क रहने का संदेश

चंडीगढ़ में आयोजित एसके ट्राईसिटी मैराथन में 8 हजार लोग शामिल हुए। साइना नेहवाल ने 10 किमी रन को हरी झंडी दिखाई।

चंडीगढ़ः शहर की सड़कों पर रविवार सुबह उस समय खेल और फिटनेस का माहौल नजर आया, जब एसके ट्राईसिटी मैराथन में करीब 8 हजार लोग दौड़ते नजर आए. ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने 10 किलोमीटर रन को हरी झंडी दिखाई. चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी भी इस दौरान मौजूद रहे. मैराथन का आयोजन फिटनेस के साथ नशे और साइबर क्राइम के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के लिए किया गया.

फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाएंः आयोजकों ने बताया कि मैराथन का मकसद लोगों को केवल एक दिन दौड़ने के लिए प्रेरित करना नहीं, बल्कि फिटनेस को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश देना है. बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने इस आयोजन को फिटनेस के साथ सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का मंच भी बनाया.

आयोजन का फोकस नशे से दूर रखनाः मैराथन में प्रतिभागियों ने फिटनेस के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया. आयोजन का फोकस नशे से दूर रहने और डिजिटल दुनिया में साइबर ठगी से सतर्क रहने पर रहा. ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत’ के संदेश के साथ लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया.

चंडीगढ़ क्लब से शुरू हुई दौड़ः एसके ट्राईसिटी मैराथन में 21.097 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन और 3 किलोमीटर फन रन की श्रेणियां रखी गई थीं. सभी रनों का आयोजन चंडीगढ़ क्लब से किया गया. 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर के प्रतिभागियों ने उत्तर मार्ग, रोज गार्डन और सुखना लेक वॉक पाथ की ओर बने रूट पर दौड़ लगाई.

रोजाना कम से कम एक घंटा करें व्यायामः साइना नेहवाल ने कहा कि “भारत को जापान, दक्षिण कोरिया और चीन जैसे देशों के साथ खेलों में आगे बढ़ना है तो फिटनेस को केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रखा जा सकता.” उन्होंने युवाओं से रोजाना कम से कम एक घंटा दौड़ने या किसी न किसी तरह की शारीरिक गतिविधि में शामिल होने की अपील की. उनके मुताबिक नियमित व्यायाम को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने से देश में खेलों के प्रति माहौल मजबूत होगा.

‘..हर नागरिक को खेल और फिटनेस से जुड़ना होगा’: उन्होंने कहा कि अगर भारत को वास्तव में एक स्पोर्टिंग नेशन बनाना है तो हर नागरिक को खेल और फिटनेस से जुड़ना होगा. उनके मुताबिक मैदान पर उतरना सिर्फ प्रतियोगिता के लिए नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए भी जरूरी है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.