फिरोजाबाद: सीएम योगी का सपा पर हमला, कहा- यूपी अब माफिया मुक्त है
फिरोजाबाद में सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना। बोले- पहले 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' था, आज प्रदेश 'माफिया मुक्त' है।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में CM योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के एजेंडे में विकास है ही नहीं! समाज को बांटना, गुंडागर्दी को प्रोत्साहित करना, विकास की हर योजनाओं में रोड़े अटकाना, किसी पर्व त्योहार के पहले आयोजित होने वाले उत्सव को उपद्रव में बदल देना है. सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले क्या हालात थे, आज आप देख रहे होंगे. ये डबल इंजन की सरकार वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन दे रही है और समाजवादी पार्टी देती थी वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया!
उन्होंने कहा कि हर जिले का एक चिन्हित माफिया था, वो अराजकता फैलाता था, गरीब के मकान,जमीन पर कब्जा करता था, अपने गुर्गों के माध्यम से व्यापारियों से चौथ वसूली करता था! इसमें वो सीना तानकर प्रदेश में उपद्रव करते थे, आज हमारा प्रदेश माफिया मुक्त है, गुंडा मुक्त है, उपद्रव से मुक्त है. सीएम योगी ने कहा कि अब नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में है सब चंगा! जब होता है चंगा तो उपद्रव नहीं उत्सव होते हैं.
‘ये नहीं चाहते थे बिजली आए’
सीएम योगी ने कहा कि ये समाजवादी पार्टी रामनवमी पर विरोध करती ही थी. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मनाने पर भी रोक लगाती थी, कांवड़ यात्रा पर रोक लगाती थी. गरीब कोई-कोई सुविधा नहीं थी, न ही बिजली थी, कांग्रेस समाजवादी पार्टी बहुजन समाज पार्टी के लोग अंधेरे में रहने के आदी थे. क्योंकि अंधेरे में ही इनकी डकैती कुशलता पूर्वक पड़ जाती थी. उन्होंने कहा कि इसलिए ये नहीं चाहते थे कि बिजली आये!
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “बस परसों ही प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि का लाभ सीधे किसानों के खातों में पहुंचाया. अकेले उत्तर प्रदेश में ही, हमारे किसानों, यानी अन्नदाता समुदाय के खातों में 4,300 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम सीधे ट्रांसफर की गई. ये डबल-इंजन सरकार की योजनाओं का फायदा है. इसके लिए किसी क्लर्क के ऑफिस जाने की जरूरत नहीं है. आप बस जाकर सीधे इसका लाभ ले सकते हैं. सीएम ने कहा जब नीयत साफ होती है, तो नीतियां और फैसले लेने वाले लोग अपने-आप रास्ता बना देते हैं. यही डबल-इंजन सरकार की पहचान है.”