बंगाल-असम में भाजपा की जीत का जश्न; पीएम मोदी ने हरियाणा का दिया खास उदाहरण
बंगाल और असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई। संबोधन में हरियाणा की तीसरी बार बनी सरकार का जिक्र कर पार्टी के बढ़ते जनाधार को सराहा।
चंडीगढ़: पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाया गया. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धोती-कुर्ता पहनकर समारोह में पहुंचे और मंच से नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और जीत की बधाई दी. उन्होंने अलग-अलग राज्यों का जिक्र करते हुए बताया कि बीजेपी को देश के कई हिस्सों में लगातार समर्थन मिल रहा है. उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए एक खास बात कही, जो उनके पूरे संबोधन का अहम हिस्सा बन गई.
पीएम मोदी ने की हरियाणा की तारीफ: पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि “आप बीते दो साल के ट्रेंड को देखिए, हरियाणा में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी. महाराष्ट्र में बीजेपी की जोरदार विजय हुई. दिल्ली में अभूतपूर्व जीत हासिल हुई. बिहार में भी पहले से बड़ी विजय मिली. ये सफलता सिर्फ राज्यों में ही नहीं बल्कि लोकल गर्वनेंस के चुनाव में भी दिखाई दे रही है. लोग बीजेपी पर विश्वास जता रहे हैं.”
जीत के बाद धन्यवाद और संदेश: संबोधन में पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि ये जीत जनता के भरोसे की जीत है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की भी सराहना की और कहा कि ये परिणाम उनकी लगातार कोशिशों का नतीजा है. भाषण के दौरान उन्होंने विकास, सुशासन और जनता के विश्वास जैसे मुद्दों का जिक्र किया और कहा कि बीजेपी इसी दिशा में आगे काम करती रहेगी. हरियाणा का उदाहरण भी इसी संदेश को मजबूत करने के लिए सामने रखा गया.
भाषण में अन्य राज्यों का भी उल्लेख: पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सिर्फ हरियाणा ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों का भी जिक्र किया जहां बीजेपी को अच्छा समर्थन मिला है. उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में जनता पार्टी की नीतियों पर भरोसा जता रही है. उनका यह बयान जीत के बाद एक व्यापक संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने पार्टी के बढ़ते जनाधार को रेखांकित किया.