बस्ती: दरोगा दूल्हे को दुल्हन के प्रेमी ने दी धमकी, बारात नहीं आई तो आशिक से हुई शादी

बस्ती में शादी का हाई वोल्टेज ड्रामा! लखनऊ में दरोगा दूल्हे के घर कार लेकर पहुँचा दुल्हन का प्रेमी, दी जान से मारने की धमकी। दरोगा ने बारात ले जाने से किया इनकार।

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बारात निकलने से पहले ही दूल्हा बने दरोगा के घर दुल्हन का आशिक पहुंच गया. ऐसी धमकी दी कि पूरा शादी का माहौल ही बदल गया. दरअसल, खुद को दुल्हन का प्रेमी बताते हुए शख्स ने खुलेआम धमकी दी. उसने कहा कि अगर बारात लेकर जाओगे तो सही सलामत वापस नहीं आओगे.

मामला दुबौलिया थाना क्षेत्र के पकड़ी चौहान गांव का है, जहां जान मेजर वर्मा की शादी बस्ती के मड़वानगर गांव की रहने वाली मनीषा चौधरी से 20 अप्रैल को तय थी. घर में बारात की पूरी तैयारी हो चुकी थी, रिश्तेदार जुट चुके थे और खुशियों का माहौल था. लेकिन तभी अचानक दुल्हन का आशिक कार लेकर दूल्हे के घर पहुंच गया. खुद को प्रेमी बताते हुए उसने खुलेआम धमकी दी. उसने कहा कि अगर बारात लेकर जाओगे तो सही सलामत वापस नहीं आओगे.

धमकी से डर गया दूल्हा

खुद को दुल्हन का प्रेमी बताने वाले द्वारा दी गई धमकी से दूल्हा और उसके परिजन सन्न रह गए. इतना ही नहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह अपनी कार छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का असर ऐसा पड़ा कि दूल्हा, जो कि लखनऊ में दरोगा के पद पर तैनात है, उसने बारात लेकर जाने से ही इनकार कर दिया.

ये भी पढ़ें: फर्जी डिग्री, खुद को बताता MBBS; लखनऊ KGMU में डॉ. हसम अरेस्ट

दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार करता रहा, काफी मान-मनौव्वल के बाद भी जब दूल्हा नहीं माना, तो मजबूरन परिजनों ने दुल्हन की शादी उसी के प्रेमी से करा दी. एक तरफ पुलिस महकमे से जुड़े दूल्हे का इस तरह डर जाना कई सवाल खड़े कर रहा है, तो वहीं प्रेमी की धमकी के बाद बदली इस शादी की कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

परिजनों ने प्रेमी के साथ करा दी शादी

दुबौलिया थाना सीओ संजय सिंह ने बताया कि खुद को दुल्हन का प्रेमी बताने वाले एक शख्स ने दूल्हा और उसके परिजनों को धमकी दी थी. जिसके बाद से वो डरे हुए हैं.काफी समझाने के बाद भी वो लोग शादी के लिए राजी नहीं हुए और ना ही बारात लेकर गए. ऐसे में लड़की के परिजनों ने मजबूरन दुल्हन की शादी उसी के प्रेमी से करा दी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.