बहादुरगढ़: सूदखोर की दरिंदगी; ब्याज के चक्कर में ऑटो चालक का काटा कान
बहादुरगढ़ में कर्ज के बदले हैवानियत। सूदखोर और उसकी मां ने ऑटो चालक को बेरहमी से पीटा और उसका कान काट दिया। गंभीर हालत में पीड़ित PGI रोहतक रेफर।
बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ में सूदखोरी का एक ऐसा खौफनाक चेहरा सामने आया है जिसे देखकर रूह कांप जाए। एक ऑटो चालक को न केवल बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा गया, बल्कि आरोपी सूदखोर ने हैवानियत की हदें पार करते हुए उसका कान तक काट लिया। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित की पहचान विशाल के रूप में हुई है, जो बहादुरगढ़ में किराए पर रहकर ऑटो चलाता है। विशाल ने अपनी जरूरतों के लिए कुछ पैसे उधार लिए थे। पीड़ित का आरोप है कि वह उधारी की रकम से कहीं ज्यादा पैसे ब्याज सहित लौटा चुका था। इसके बावजूद आरोपी और पैसा मांग रहे थे। ट्रामा सेंटर के बाहर सूदखोर और उसकी मां ने विशाल को घेर लिया। दोनों ने उसे लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। इसी दौरान आरोपी ने दरिंदगी दिखाते हुए विशाल का कान काट दिया।
घटना के बाद खून से लथपथ विशाल को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रोहतक (PGI Rohtak) रेफर कर दिया है।वीडियो वायरल होने और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सूदखोर और उसकी मां सलाखों के पीछे होंगे।