बहादुरगढ़: NCR माइनर में डूबने से दो महिला श्रमिकों की मौत, मातम का माहौल
बहादुरगढ़ के बादली में कपड़े धोते समय पैर फिसलने से NCR माइनर में डूबीं दो महिला श्रमिक। उत्तर प्रदेश की रहने वाली कमलेश और शालू की मौत। पुलिस ने शुरू की जांच।
बहादुरगढ़ : बादली क्षेत्र से गुजरने वाली एन.सी.आर. माइनर में डूबने से नाबालिगा व महिला की मौत हो गई। मरने वाली दोनों उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं और बादली के ईंट भट्टे पर काम करती थीं। कमलेश (30) व शालू (17) अन्य महिला श्रमिकों के साथ माइनर पर कपड़े धोने और नहाने के लिए आई थीं। वहां गहरे पानी में पैर फिसलने से दोनों डूब गईं। दोनों को तैरना नहीं आता था।
मौके पर मौजूद अन्य महिला श्रमिकों ने शोर मचाया और बचाने का प्रयास किया लेकिन देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में डूब गईं। आसपास के किसान भी मौके पर एकत्रित हुए और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घटना के आधा घंटे बाद कमलेश का शव घटनास्थल से 20 मीटर दूर मिला जबकि शालू का शव करीब 50 मीटर दूर 2 घंटे बाद मिला। सब-इंस्पैक्टर सोहेल खान ने बताया कि दोनों शवों को बहादुरगढ़ के राजकीय अस्पताल भिजवाया गया जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।