भारत में जल्द आ रही है ओप्पो की नई F35 सीरीज, लीक में सामने आई कीमत और लॉन्च डेट
ओप्पो भारत में अपनी F-Series के तहत OPPO F35 5G और F35 Pro 5G को 5 अक्टूबर को लॉन्च कर सकता है। लीक हुए स्पेसिफिकेशंस जानें।
OPPO भारत में अपनी F-Series का विस्तार करने की तैयारी कर रहा है. कंपनी ने F35 सीरीज को भारत में लाने की पुष्टि तो कर दी है, लेकिन अभी तक लॉन्च डेट या इसमें आने वाले फोन के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है. अब एक नए लीक में दावा किया गया है कि OPPO F35 5G और F35 Pro 5G को भारत में 5 अक्टूबर को लॉन्च किया जा सकता है. लीक के मुताबिक, दोनों फोन की शुरुआती कीमत 35 हजार रुपये के आसपास हो सकती है. हालांकि, OPPO ने अभी कीमत, फीचर्स और लॉन्च डेट की पुष्टि नहीं की है.
OPPO F35 सीरीज की कीमत और लॉन्च डेट लीक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक और टिप्स्टर Paras Guglani (@passionategeekz) ने X पर F35 सीरीज से जुड़ी जानकारी शेयर की है. इसके मुताबिक, OPPO F35 5G और F35 Pro 5G को 5 अक्टूबर से भारत में अवेलेबल कराया जा सकता है.
लीक में दावा किया गया है कि F35 5G की कीमत करीब 35,000 से 40,000 रुपये के बीच हो सकती है. वहीं, F35 Pro 5G की कीमत 45,000 से 50,000 रुपये के बीच रहने की उम्मीद जताई गई है. कलर ऑप्शन की बात करें तो F35 5G को Wave Blue, Titanium Grey और Mist Pink कलर में लाया जा सकता है. वहीं, F35 Pro 5G के Blue और Orange कलर में आने की बात सामने आई है.
OPPO F35 5G में मिल सकते हैं ये फीचर्स
लीक के अनुसार, OPPO F35 5G में MediaTek Dimensity 6360 सीरीज का प्रोसेसर दिया जा सकता है. फोन में 6.57 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलने की बात कही गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट कर सकता है.
बैटरी के मामले में फोन काफी दमदार हो सकता है. इसमें 8,000mAh की बैटरी और 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग मिलने का दावा किया गया है. कैमरे की बात करें तो फोन के पीछे 50MP का मेन कैमरा OIS सपोर्ट के साथ मिल सकता है. इसके साथ 2MP का सेकेंडरी कैमरा दिया जा सकता है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए भी 50MP का फ्रंट कैमरा मिलने की बात कही गई है.
फोन की मोटाई करीब 8.8mm और वजन लगभग 205 ग्राम हो सकता है. इसे 6GB और 8GB RAM के साथ 128GB स्टोरेज ऑप्शन में पेश किए जाने की उम्मीद है. लीक में IP66, IP68, IP69 और IP69K जैसे प्रोटेक्शन लेवल का भी दावा किया गया है. इसके अलावा, फोन में Vapor Chamber Cooling सिस्टम मिल सकता है, जो गेमिंग या ज्यादा इस्तेमाल के दौरान फोन को ठंडा रखने में मदद करेगा.
OPPO F35 Pro 5G में क्या मिलेगा?
OPPO F35 Pro 5G को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, इसमें MediaTek Dimensity 7360 Max प्रोसेसर दिया जा सकता है. फोन में भी 8,000mAh की बड़ी बैटरी और 80W फास्ट चार्जिंग मिलने की उम्मीद है. कैमरा सेटअप में 50MP का मेन सेंसर OIS के साथ दिया जा सकता है. इसके साथ 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलने की बात कही गई है. सेल्फी के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है, जिसमें Natural Tone फीचर भी दिया जा सकता है.
इसके अलावा, फोन में Rainstorm Touch सपोर्ट मिलने का दावा किया गया है. यह फीचर बारिश या गीली उंगलियों के बावजूद स्क्रीन को बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने में मदद कर सकता है.
अभी OPPO ने क्या कन्फर्म किया है?
OPPO ने सितंबर में भारत में F35 सीरीज को टीज करते हुए इसके जल्द आने की जानकारी दी थी. हालांकि, कंपनी ने अभी तक लॉन्च की सटीक तारीख, कीमत या दोनों फोन के पूरे स्पेसिफिकेशंस की पुष्टि नहीं की है.
F35 सीरीज को लेकर पहले भी रिपोर्ट्स सामने आई थीं, जिनमें इसे चीन में मौजूद OPPO A7 Pro सीरीज से जोड़ा गया था. वहीं, F35 Pro 5G के रिटेल बॉक्स की तस्वीर सामने आने के बाद इसके नाम की जानकारी भी लीक हुई थी.फिलहाल 5 अक्टूबर की लॉन्च डेट, कीमत और ऊपर बताए गए स्पेसिफिकेशंस लीक पर आधारित हैं. OPPO की आधिकारिक घोषणा के बाद ही इन जानकारियों की पुष्टि हो पाएगी.