भिवानी: कम मुआवजे के विरोध में किसानों का धरना, फूंकी ट्रेड डील की प्रतियां

भिवानी के तोशाम में हाई-वोल्टेज लाइन के लिए कम मुआवजे के खिलाफ किसानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी। सरकार और कॉरपोरेट साठगांठ का विरोध, जलाई ट्रेड डील की प्रतियां।

भिवानी। हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण के लिए किसानों की उपजाऊ जमीन कम मुआवजे पर लेने के विरोध में तोशाम स्थित एसडीएम कार्यालय के समक्ष चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान किसानों ने अमेरिकी ट्रेड डील की प्रतियां फूंककर कथित कॉरपोरेट साठगांठ और भूमि अधिग्रहण नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

किसानों का आरोप है कि सरकार, प्रशासन और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन के गठजोड़ के चलते भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया में बड़े स्तर पर हेरफेर किया गया है। इसी के विरोध में किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को धरना स्थल पर किसानों ने अमेरिकी ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही कॉरपोरेट साठगांठ के खिलाफ भी अपना रोष व्यक्त किया।
Leave A Reply

Your email address will not be published.