भिवानी: कर्मचारियों ने भरी हुंकार, 10 सूत्री मांगों को लेकर राष्ट्रीय मांग दिवस पर जोरदार प्रदर्शन

भिवानी में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर सैकड़ों कर्मचारियों ने 10 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जानें शिरडी सम्मेलन के निर्णय और आंदोलन को तेज करने की चेतावनी के बारे में पूरी खबर।

भिवानी। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर वीरवार को राष्ट्रीय मांग दिवस के अवसर पर भिवानी में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी। चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल पार्क में जिले भर से जुटे सैकड़ों कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इनलोगों ने जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को अपना मांग पत्र सौंपा।

प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रधान सुमेर सिंह आर्य ने बताया कि 23 से 26 जनवरी तक महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित 18वें राष्ट्रीय प्रतिनिधि सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया था कि देश भर के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लामबंद होंगे। इसी कड़ी में 26 फरवरी को पूरे हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर सरकार को चेतावनी दी गई है। यूनियन के नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इन मांगों पर जल्द विचार नहीं करती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सभा को नगरपालिका प्रधान जयहिंद, तोशाम सचिव राजेश दुलहेड़ी, बवानीखेड़ा प्रधान चांदराम, और रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला सचिव राजबीर कादयान ने संबोधित किया। इस अवसर पर रिटायर्ड कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव वजीर सिंह, सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व राज्य प्रधान मास्टर शेरसिंह, सीटू से बाबू सुखदेव व जिला सचिव अनिल कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान सूरजभान जटासरा सहित अन्य उपस्थित थे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.