भिवानी: बारिश से गर्मी से राहत, पर सड़कों के गड्ढों ने बढ़ाई मुसीबत
भिवानी में हुई हल्की बारिश ने गर्मी से राहत दी, लेकिन सड़कों के गड्ढों ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी। जानिए मौसम विभाग का 10 जुलाई तक का पूर्वानुमान।
भिवानी। जिले में सोमवार को हुई करीब तीन एमएम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो दिलाई लेकिन हल्की बारिश के बाद ही शहर और प्रमुख मार्गों की सड़कों पर गड्ढे फिर उभर आए जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई। सोमवार दोपहर करीब सवा 12 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई।
शहर की मुख्य सड़कें मानसून की शुरुआती बारिश भी नहीं झेल पाईं। हल्की बारिश के बाद ही सड़कों पर बने गड्ढों की गहराई साफ दिखाई देने लगी। बारिश का पानी भरने से वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाता। खासकर दुपहिया वाहन चालकों का संतुलन गड्ढों में टायर फंसने से बिगड़ रहा है। राकेश, महीपाल और सुरेश सैनी ने बताया कि सड़कों की हालत इतनी खराब है कि यहां दुपहिया वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है। गड्ढों के कारण वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से समय रहते सड़कों की मरम्मत या पेचवर्क कराने की मांग की।
शहर की सभी मुख्य सड़कें पूरी तरह से दुरुस्त कराई जा चुकी हैं। अगर बारिश के दौरान कहीं कोई दिक्कत आती है तो संबंधित टीम गठित की गई है जो सड़कों की विशेष मरम्मत करेगी। बारिश के बाद सड़कों के नवीनीकरण संबंधी कार्य भी किए जाएंगे।
ये रहा मौसम का पूर्वानुमान
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसूनी हवाओं तथा राजस्थान पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने के प्रभाव से हरियाणा में 10 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बीच-बीच में तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना है। इससे दिन के तापमान में गिरावट और वातावरण में नमी बनी रहने की संभावना है।
बारिश से आम लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ कृषि क्षेत्र को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। खेतों में खड़ी धान, कपास और चारे की फसलों के लिए तीन एमएम बारिश लाभदायक मानी जा रही है। किसान रणबीर, महेंद्र और रमेश कुमार ने बताया कि इस समय फसलों को पानी की सख्त जरूरत थी और यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी।