भिवानी में जंक फूड का बढ़ता क्रेज: युवाओं और बच्चों में बढ़ रही पेट की बीमारियां, डॉक्टरों ने दी चेतावनी

भिवानी में जंक फूड और फास्ट फूड के बढ़ते चलन से युवा और बच्चे पेट की गंभीर बीमारियों जैसे फैटी लीवर, गैस और मोटापे की चपेट में आ रहे हैं। जानें स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह और कैसे यह खान-पान आपके शरीर को नुकसान पहुँचा रहा है।

भिवानी। लोगों में आजकल जंक फूड व फास्ट फूड खाने की लत तेजी से बढ़ रही है। फास्ट फूड के अधिक सेवन से लोगों में पेट संबंधी रोग अपच, गैस, फैटी लीवर, कब्ज, आंतों में सूजन जैसी शिकायतें आम होती जा रही हैं। इसमें विशेष कर युवा व बच्चे अधिक शामिल रहते हैं।

शहर के हुड्डा पार्क, कृष्णा कॉलोनी क्षेत्र में प्रतिदिन फास्ट फूड के स्पेशल बाजार सज रहे हैं। इन स्टालों पर खाद्य सामग्री बनाने के लिए प्रयोग किया जाने वाला निम्न स्तर का तेल व मसाले लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। शहर के निजी व सरकारी अस्पतालों में प्रतिदिन पेट संबंधी मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के ओपीडी विभाग में भी प्रतिदिन औसतन 20 से 25 मरीज इस तरह की समस्या लेकर आ जाते हैं। फास्ट फूड के प्रयोग के कारण छोटे बच्चों में भूख की कमी, पेट दर्द, वजन नहीं बढ़ना जैसी समस्या आ रही हैं। इसके अलावा जंक फूड में प्रयोग किए जाने वाला उच्च वसा युक्त तेल, मैदा, नमक के कारण युवाओं में मोटापा, बीपी व शुगर की बीमारी भी आम हो रही है।
इस बारे में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज से फिजिशियन डॉ. यतिन गुप्ता ने बताया कि फास्ट फूड का अधिक मात्रा में प्रयोग स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। फास्ट फूड में पौष्टिक व फाइबर की कमी रहती है। इस कारण कब्ज, गैस, अपच जैसी समस्या बन जाती हैं। बच्चों में फास्ट फूट का अधिक सेवन उनके विकास को रोकने का भी कारण बन सकता है। इसलिए ताजा फल, सब्जी का प्रयोग करें। घर का बना शुद्ध खाना खाएं ताकि लीवर को भी फैटी होने से बचाया जा सकें। नियमित व्यायाम करें।
Leave A Reply

Your email address will not be published.