भिवानी में बिजली-पानी का संकट: हाईवे जाम और महिलाओं का प्रदर्शन
भिवानी में बिजली-पानी की किल्लत से जनता परेशान। सिरसा घोघड़ा ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया, तो टिब्बा बस्ती की महिलाओं ने प्रदर्शन कर चेतावनी दी।
भिवानी। पानी के संकट के बाद अब उमस भरी गर्मी में बिजली संकट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। शुक्रवार देर रात गांव सिरसा घोघड़ा के ग्रामीणों ने बिजली-पानी की समस्या को लेकर गांव फूलपुरा के पास दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे-709 ई पर करीब दो घंटे जाम लगाया जबकि शनिवार को शहर की हनुमान ढाणी टिब्बा बस्ती में महिलाओं ने पानी और बिजली संकट को लेकर प्रदर्शन कर अधिकारियों के घेराव की चेतावनी दी।
बिजली लाइन को गांव बामला से जोड़ने का दिया आश्वासन
जाम की सूचना पर देर रात बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता (जेई) मौके पर पहुंचे। उन्होंने उच्चाधिकारियों से बातचीत कर बिजली लाइन को गांव बामला से जोड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने रात करीब 12 बजे जाम खोल दिया। खरक कलां पुलिस चौकी प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि गांव सिरसा घोघड़ा के ग्रामीणों द्वारा बिजली समस्या को लेकर दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे-709 ई पर जाम लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस और बिजली निगम के अधिकारियों के समझाने तथा आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
हनुमान ढाणी टिब्बा बस्ती में पानी-बिजली के संकट पर महिलाओं ने किया प्रदर्शन
भिवानी। जन संघर्ष समिति के नेतृत्व में शनिवार को हनुमान ढाणी टिब्बा बस्ती की गली नंबर-3 में पेयजल और बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज महिलाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने नारेबाजी कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया और समस्या का समाधान नहीं होने पर अधिकारियों के घेराव की चेतावनी दी। जन संघर्ष समिति के संयोजक एवं माकपा जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश तथा पार्षद मास्टर अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों से समस्या की जानकारी ली। कामरेड ओमप्रकाश ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील रंगा को बताया कि डाबर कॉलोनी वाटर वर्क्स पर बार-बार बिजली गुल होने और फाल्ट आने के कारण पानी की आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि विद्युत निगम के अधिकारियों से समन्वय कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए अन्यथा शहर की जनता को पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा।