भिवानी: लक्ष्मी ज्वैलर्स में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, ग्राहक बनकर आए थे चोर
भिवानी के लोहारू में लक्ष्मी ज्वैलर्स की दुकान से ₹7 लाख के सोने के गहने चोरी। ग्राहक बनकर आए दो बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
भिवानी। कस्बे में ग्रामीण बैंक के पास स्थित लक्ष्मी ज्वैलर्स की दुकान से शुक्रवार सुबह करीब 10:20 बजे दो अज्ञात युवक दिनदहाड़े लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर भाग गए। आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे थे और मौका पाकर करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक सिर पर टोपी पहनकर लक्ष्मी ज्वैलर्स की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक विभिन्न प्रकार के आभूषण देखे और पसंद करने का नाटक करते रहे। इसी दौरान मौका पाकर वे दुकान से कीमती जेवर चोरी कर भाग गए। चोरी हुए सामान में एक सोने की चेन, एक जोड़ी गोल बाला, दो जोड़ी टोप्स, दो महिलाओं की अंगूठियां, एक पुरुष की अंगूठी तथा एक पातड़ी सहित करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण शामिल हैं। दुकान मालिक के अनुसार चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब सात लाख रुपये है।
दुकान मालिक सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि आरोपियों ने बातचीत के दौरान एक चांदी की चेन, एक बाली और एक नोजपिन पसंद की थी जिसकी कीमत करीब सात हजार रुपये थी। उन्होंने एक हजार रुपये एडवांस भी दिए और कहा कि शाम करीब पांच बजे अपनी बहन के साथ आकर बाकी भुगतान कर सामान ले जाएंगे।
सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि बातचीत के बाद वह किसी काम से घर चले गए थे और दुकान पर उनका बेटा दीपक सोनी बैठा हुआ था। कुछ देर बाद सामान की जांच करने पर कई कीमती आभूषण गायब मिले। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लोहारू डीएसपी संजीव, थाना प्रभारी मुरारी लाल और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने दुकान का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
लोहारू डीएसपी संजीव ने बताया कि ज्वेलरी शॉप से आभूषण चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। वहीं थाना प्रभारी मुरारी लाल ने बताया कि दुकान मालिक की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में आए थे। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।