भिवानी: वेतन न मिलने पर स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल की चेतावनी
भिवानी में HKRN के तहत कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारियों को 3 महीने से वेतन नहीं मिला। बकाया वेतन की मांग को लेकर कर्मचारियों ने टूल डाउन हड़ताल की चेतावनी दी है।
भिवानी। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारियों ने पिछले तीन महीने 19 दिन से वेतन नहीं मिलने पर टूल डाउन हड़ताल की चेतावनी दी है। बुधवार को नागरिक अस्पताल में आयोजित गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने बकाया वेतन का जल्द भुगतान नहीं होने पर आर-पार की लड़ाई लड़ने का एलान किया।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से बिना मानदेय के काम कर रहे कर्मचारी गंभीर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। मकान का किराया, बच्चों की स्कूल फीस, राशन और बीमार बुजुर्गों की दवाइयों का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो गया है। दीपक तंवर ने अस्पताल प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह अमानवीय स्थिति है कि दिन-रात मरीजों की सेवा में लगे स्वास्थ्य कर्मचारियों को महीनों तक वेतन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों को बार-बार याद दिलाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।