भिवानी सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बोलेरो, 7 लोग घायल, ग्रामीणों में रोष
भिवानी के ढिगावा-बाढड़ा रोड पर बोलेरो की पेड़ से भीषण टक्कर, 7 लोग गंभीर रूप से घायल। ग्रामीणों ने पेड़ को बताया 'डेथ प्वाइंट', प्रशासन से हटाने की मांग।
भिवानी। ढिगावा-बाढड़ा रोड पर ढिगावा श्यामियान और कारी के बीच रविवार सुबह करीब नौ बजे सड़क किनारे खड़े कीकर के पेड़ से बोलेरो की टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डेथ प्वाइंट बना कीकर का पेड़, ग्रामीणों में आक्रोश
मौके पर मौजूद ग्रामीण प्रदीप और सोमबीर ने बताया कि सड़क के किनारे खड़ा यह कीकर का पेड़ अब डेथ प्वाइंट बन चुका है। सड़क संकरी होने के कारण सामने से कोई बड़ा वाहन आने पर छोटे वाहन चालक साइड देने के लिए अपनी गाड़ी अधिक बाई ओर ले जाते हैं। इसी दौरान वाहन की कंडक्टर साइड पेड़ से टकरा जाती है और वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस पेड़ के कारण पिछले छह महीने में यह तीसरा बड़ा हादसा है। कुछ दिन पहले भी एक गाड़ी इसी पेड़ से टकराकर पलट गई थी जिसमें दो लोग घायल हुए थे। उनका कहना है कि बार-बार हादसे होने के बावजूद प्रशासन ने अब तक पेड़ हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है।
हादसे के बाद मौके पर एकत्र ग्रामीणों ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि जब तक इस पेड़ को यहां से नहीं हटाया जाएगा तब तक हादसों का सिलसिला नहीं रुकेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की कि इस खतरनाक पेड़ को तत्काल कटवाया जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की दुर्घटना का सामना न करना पड़े।