भिवानी: NET और B.Ed परीक्षाओं की तिथियां टकराईं, छात्रों में रोष
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में NET और B.Ed की परीक्षाएं एक ही दिन होने से छात्र परेशान। ABVP ने कुलगुरु को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा तिथियों में बदलाव की मांग की।
भिवानी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) और चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की बीएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं की कुछ तिथियां एक ही दिन निर्धारित होने के विरोध में सोमवार को कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी को ज्ञापन सौंपा।
अभाविप की चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष करण बूरा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रहित को प्राथमिकता देती है। विश्वविद्यालय प्रशासन को ऐसी स्थिति नहीं बनने देनी चाहिए कि विद्यार्थियों को एक परीक्षा के लिए दूसरी परीक्षा छोड़नी पड़े। इकाई मंत्री सलोनी सैनी ने कहा कि बीएड के कई विद्यार्थी नेट परीक्षा भी दे रहे हैं ऐसे में तिथियां समान होने से विद्यार्थियों में चिंता का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।