भोपाल में पेड़ों की कटाई पर NGT सख्त: नगर निगम से मांगा 5 साल का हिसाब

भोपाल में 4105 पेड़ों की कटाई के मामले में NGT ने नगर निगम और वन विभाग को फटकारा। पिछले 5 साल के आंकड़ों के साथ शपथ पत्र पेश करने के निर्देश। जानें पूरा मामला।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेड़ों की कटाई और पौधारोपण की हकीकत को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने कड़ा रुख अपनाया है. NGT ने भोपाल नगर निगम और वन विभाग से शपथ पत्र के जरिए विस्तृत आंकड़े पेश करने के निर्देश दिए हैं. खास तौर पर पिछले पांच साल में काटे गए पेड़ों की कुल संख्या, उनके बदले जमा की गई राशि और उस फंड के उपयोग का पूरा हिसाब मांगा गया है. मामले की सुनवाई में यह भी सामने आया कि कई बिंदुओं पर स्पष्ट डेटा उपलब्ध नहीं है, जिस पर NGT ने नाराजगी जताई.

अब तक सामने आए प्रमुख आंकड़े…

  • 4105 पेड़ों की कटाई का मामला.
  • खास तौर पर कोलार क्षेत्र से जुड़ा बताया गया.
  • पौधारोपण के लिए मिले करोड़ों रुपये के फंड के उपयोग पर स्पष्ट जानकारी नहीं.
  • लगाए गए पौधों का सर्वाइवल रेट बेहद कम, सटीक प्रतिशत रिपोर्ट में नहीं.
  • कई जगहों पर 5 फीट ऊंचाई के पौधे लगाने का नियम भी ठीक से लागू नहीं हुआ.
  • पेड़ों की कटाई और प्रतिपूर्ति के लिए अलग से फंड अकाउंट तक नहीं पाया गया.

प्रदूषण और अगली कार्रवाई

सुनवाई के दौरान NGT ने यह भी साफ किया कि अगर शहर की हवा की गुणवत्ता और खराब होती है तो GRAP (ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) लागू किया जाएगा. इसके तहत निर्माण गतिविधियों पर रोक, धूल नियंत्रण और अन्य सख्त कदम उठाए जाएंगे. प्रदूषण समिति के पांच सदस्यों को तलब किया गया है और अगली सुनवाई में सभी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देना होगा. NGT का यह रुख साफ संकेत देता है कि अब बिना ठोस आंकड़ों के कोई भी विभाग बच नहीं पाएगा.

वही इस मामले पर NGT में केस लड़ रहे पर्यावरण प्रेमी नितिन सक्सेना ने आरोप लगाया कि भोपाल नगर निगम ने आज तक स्पष्ट नहीं किया कि चार हजार पेड़ काटने के बदले कितने पेड़ लगाए? जहां का दावा किया गया, वहां कोई पेड़ नहीं लगाया. एक पेड़ काटने की जगह चार पौधे लगाने होते हैं, जिनकी ऊंचाई पांच फीट होनी चाहिए, लेकिन पौधे नहीं लगे.

भोपाल में लाखों पेड़ कटने का कोई हिसाब नहीं- कांग्रेस

वहीं कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी ने सरकार पर आरोप लगाया कि आज तक सरकार ने विकास ने नाम पर लाखों पेड़ काटे हैं, लेकिन उसके बदले कितने लगाए हैं, उसका कोई हिसाब आज तक नहीं दे सके. इसी बात को लेकर NGT ने फटकार लगाई है. बीजेपी प्रवक्ता शिवम शुक्ला ने कहा कि जब भी कोई पेड़ काटा गया है, उसके बदले पौधे लगाए गए हैं. फिलहाल जो मामला है, उसमें भी सरकार बड़ी ही मजबूती के साथ अपना पक्ष NGT में रखेगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.